ढाई साल बाद ब्राजील टीम में लौटे नेमार, वर्ल्ड कप स्क्वॉड में मिली जगह
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 11:31 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : ब्राजील के स्टार फुटबॉलर Neymar की आखिरकार राष्ट्रीय टीम में वापसी हो गई है। ब्राजील के मुख्य कोच Carlo Ancelotti ने अगले महीने होने वाले FIFA वर्ल्ड कप के लिए 26 सदस्यीय टीम का ऐलान किया, जिसमें नेमार का नाम भी शामिल है। लगभग ढाई साल बाद नेमार की ब्राजील टीम में वापसी हुई है।
चोट के बाद पहली बार टीम में वापसी
34 वर्षीय नेमार ने आखिरी बार अक्टूबर 2023 में ब्राजील के लिए मुकाबला खेला था। उरुग्वे के खिलाफ वर्ल्ड कप क्वालीफायर में उन्हें गंभीर ACL इंजरी हुई थी, जिसके बाद वह लंबे समय तक मैदान से बाहर रहे। नेमार फिलहाल Santos FC के लिए खेल रहे हैं। जनवरी 2025 में क्लब में वापसी के बाद उन्होंने सभी प्रतियोगिताओं में 38 मैचों में 17 गोल किए हैं, लेकिन चोटों के कारण उनका प्रदर्शन लगातार प्रभावित रहा।
एंसेलोटी ने बताया क्यों चुना नेमार को
कार्लो एंसेलोटी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि नेमार को बैकअप खिलाड़ी के तौर पर नहीं चुना गया है। उन्होंने कहा कि टीम को उनकी गुणवत्ता और अनुभव की जरूरत है। एंसेलोटी ने कहा, 'नेमार चाहे 1 मिनट खेलें या 90 मिनट, सबसे जरूरी है कि वह टीम को क्या योगदान देते हैं। वह तभी खेलेंगे जब ट्रेनिंग और फिटनेस के आधार पर इसके हकदार होंगे।' उन्होंने यह भी कहा कि पूरे साल नेमार की फिटनेस पर नजर रखी गई और अब वह धीरे-धीरे बेहतर स्थिति में पहुंच रहे हैं।
ब्राजील में टीम चयन पर छिड़ी थी बहस
ब्राजील की वर्ल्ड कप टीम चयन को लेकर पिछले कुछ हफ्तों से मीडिया और पूर्व खिलाड़ियों के बीच काफी बहस चल रही थी। खुद एंसेलोटी ने खुलासा किया कि उन्हें पत्रकारों, खिलाड़ियों, पूर्व खिलाड़ियों और यहां तक कि फ्लाइट पायलट तक से सलाह मिल रही थी कि टीम में किन खिलाड़ियों को शामिल किया जाए।
कई बड़े खिलाड़ी हुए बाहर
जहां नेमार की वापसी ने सुर्खियां बटोरीं, वहीं कई बड़े नाम टीम में जगह नहीं बना सके। Thiago Silva, Joao Pedro और Andrey Santos को स्क्वॉड से बाहर रखा गया। इसके अलावा Rodrygo और Estevao चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं।
मोरक्को के खिलाफ अभियान की शुरुआत
ब्राजील अपना वर्ल्ड कप अभियान 13 जून को न्यू जर्सी में मोरक्को के खिलाफ मुकाबले से शुरू करेगा। इसके बाद टीम ग्रुप C में हैती और स्कॉटलैंड से भिड़ेगी।

