निकोलस पूरन का T20 में खराब प्रदर्शन जारी, एक कैलेंडर वर्ष में सबसे खराब बैटिंग औसत दर्ज
punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 09:37 PM (IST)
हैदराबाद (तेलंगाना) : लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बल्लेबाज और वेस्टइंडीज के पूर्व स्टार निकोलस पूरन को टी20 क्रिकेट में इंटरनेशनल रिटायरमेंट के बाद कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इस बाएं हाथ के बल्लेबाज का खेल के सबसे छोटे फॉर्मेट में खराब प्रदर्शन जारी है और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में उनका एक और मैच खराब रहा।
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सीजन के पहले मैच में धीमी गति से 8 रन बनाने के बाद पूरन 4 गेंदों में सिर्फ एक रन बनाकर ईशान किशन के हाथों रन आउट हो गए। इसी के साथ ही इस साल पूरन ने टी20 में एक कैलेंडर वर्ष के दौरान अपना अब तक का सबसे खराब औसत दर्ज किया है। उन्होंने 9 पारियों में सिर्फ 121 रन बनाए हैं, जिनका औसत 13.44 है, स्ट्राइक रेट 117.47 है और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 33 है।
पिछले साल इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट के बाद से 'निकी पी' उतने विस्फोटक नहीं रहे हैं जितने वह पहले हुआ करते थे। इंटरनेशनल रिटायरमेंट के बाद से उन्होंने 46 पारियों में 1,214 रन बनाए हैं। हालांकि उनका औसत (32.81) अभी भी सम्मानजनक है और उन्होंने एक शतक और सात अर्धशतक बनाए हैं, लेकिन उनका 130.11 का स्ट्राइक रेट पूरन के उस खौफ को काफी कम कर देता है, जिनका टी20 में करियर स्ट्राइक रेट 147.82 है। उनका आखिरी अर्धशतक पिछले साल दिसंबर में UAE में इंटरनेशनल T20 लीग (ILT20) में MI एमिरेट्स की ओर से गल्फ जायंट्स के खिलाफ आई थी।
LSG ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और SRH को 26/4 पर रोक दिया लेकिन हेनरिक क्लासेन (41 गेंदों में 62 रन, 5 चौके और दो छक्के) और नीतीश कुमार रेड्डी (33 गेंदों में 56 रन, तीन चौके और 5 छक्के) के बीच 116 रनों की साझेदारी ने टीम को 20 ओवरों में 156/9 के स्कोर तक पहुंचा दिया। शमी (2/9), प्रिंस यादव (2/34) और आवेश खान (2/36) सबसे सफल गेंदबाजों में से थे, जबकि मणिमारन सिद्धार्थ (1/29) ने किफायती गेंदबाजी की।
लक्ष्य का पीछा करते हुए LSG ने मिच मार्श को जल्दी ही खो दिया, लेकिन एडेन मार्करम (27 गेंदों में 45 रन, छह चौके और दो छक्के) और पंत के बीच 40 रनों की साझेदारी ने उन्हें मैच में वापस ला दिया। पंत, मुकुल चौधरी (2*) के साथ अंत तक टिके रहे और 5 विकेट और एक गेंद बाकी रहते ही मैच खत्म कर दिया। SRH के लिए हर्ष दुबे (2/18) सबसे सफल गेंदबाज रहे। शमी ने अपने शानदार पावरप्ले स्पेल के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार जीता।

