राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों की घोषणा, किसी को खेल रत्न नहीं, इन 17 खिलाड़ियों को मिलेगा अर्जुन अवार्ड
punjabkesari.in Tuesday, Aug 18, 2026 - 02:50 PM (IST)
नई दिल्ली : भारत के सबसे बड़े खेल सम्मान, 'मेजर ध्यानचंद खेल रत्न' के लिए 2025 में किसी को नहीं चुना जाएगा क्योंकि सरकार ने इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड के लिए किसी खिलाड़ी का नाम आगे नहीं बढ़ाया है। 1991-92 में इस अवॉर्ड की शुरुआत के बाद से ऐसा तीसरी बार हो रहा है जब किसी खिलाड़ी को नहीं चुना गया।
इससे पहले 2008 और 2014 में भी ऐसा हुआ था।सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस (रिटायर्ड) अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स सिलेक्शन कमिटी की सिफारिशों को अंतिम मंजूरी के लिए खेल मंत्री मनसुख मंडाविया के पास भेजा गया था। खेल मंत्रालय ने मंगलवार को नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स 2025 की घोषणा की।
यह घटनाक्रम तब सामने आया है जब 12 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली में हुई कमिटी की बैठक में कंपाउंड आर्चर ज्योति सुरेखा वेन्नम और भारत की महिला वर्ल्ड कप विजेता क्रिकेट कप्तान हरमनप्रीत कौर और उप-कप्तान स्मृति मंधाना के नामों पर खेल रत्न के लिए विचार करने की संभावना पर चर्चा हुई थी। हालांकि, इनमें से किसी का भी नाम अंतिम सिफारिशों में शामिल नहीं हो पाया।
भारत की दो प्रमुख महिला क्रिकेटरों के मामले पर विस्तार से चर्चा हुई, जिसमें क्रिकेट में प्रदर्शन को आंकने के लिए किसी खास पॉइंट्स-बेस्ड सिस्टम का न होना एक वजह रही। ऐसे मामलों में कमिटी आमतौर पर BCCI (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) के नॉमिनेशन पर निर्भर करती है। इन दोनों क्रिकेटरों के लिए कोई नॉमिनेशन नहीं किया गया था। मोहम्मद शमी आखिरी क्रिकेटर थे जिन्हें 2023 में खेल रत्न मिला था।
ये खिलाड़ी इस लिस्ट में शामिल
खेल रत्न, जिसे अगस्त 2021 तक राजीव गांधी खेल रत्न के नाम से जाना जाता था, में 25 लाख रुपए का नकद इनाम, एक मेडल और एक प्रशस्ति-पत्र दिया जाता है। जहां शीर्ष सम्मान खाली रहा, वहीं खेलों में शानदार प्रदर्शन के लिए 17 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड के लिए चुना गया।
इस लिस्ट में एथलेटिक्स स्टार तेजस्विन शंकर, मुहम्मद अजमल वी और प्रियंका गोस्वामी; बैडमिंटन खिलाड़ी ट्रेसा जॉली और पुलेला गायत्री गोपीचंद; बॉक्सर नरेंद्र; शतरंज खिलाड़ी विदित संतोष गुजराती और दिव्या जितेंद्र देशमुख; डेफ शूटर धनुष श्रीकांत; हॉकी खिलाड़ी लालरेम्सियामी और राजकुमार पाल; कबड्डी खिलाड़ी सुरजीत और पूजा; पैरा-शूटर रुद्रांश खंडेलवाल; पैरा-एथलीट एकता भ्यान; रोवर अरविंद सिंह; और शूटर अखिल श्योराण शामिल हैं।
देशमुख का चयन FIDE महिला विश्व कप में उनकी ऐतिहासिक जीत के बाद हुआ है, जहां वह यह खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। वहीं शंकर को एथलेटिक्स में उनके प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया है जिसमें 2023 एशियाई खेलों में जीता गया सिल्वर मेडल भी शामिल है। सरकार ने फुटबॉलर आई. अरुमैनायगम को लाइफटाइम कैटेगरी में अर्जुन पुरस्कार भी दिया है।
द्रोणाचार्य पुरस्कार
द्रोणाचार्य पुरस्कारों में रेगुलर कैटेगरी में एथलेटिक्स कोच परवीर सिंह, बॉक्सिंग कोच छोटे लाल यादव और शूटिंग कोच नेहा नंदकुमार चव्हाण को सम्मान मिला। लाइफटाइम कैटेगरी में बॉक्सिंग कोच धर्मेंद्र सिंह यादव और रेसलिंग कोच वीरेंद्र कुमार को सम्मान दिया गया।
खेलों को बढ़ावा देने और उनके विकास के लिए 'राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार' पुणे के आर्मी पैरालंपिक नोड को दिया गया है। ये पुरस्कार खेल में बेहतरीन प्रदर्शन, कोचिंग में योगदान और खेलों को बढ़ावा देने के लिए दिए जाते हैं। इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल के जरिए आवेदन मंगाए गए थे जिसमें खिलाड़ियों, कोचों और संस्थाओं को खुद आवेदन करने की इजाजत थी। बड़ी संख्या में आवेदन मिले और सिलेक्शन कमेटी ने उनका मूल्यांकन किया, इस कमेटी में जाने-माने खिलाड़ी, खेल पत्रकारिता का अनुभव रखने वाले लोग और खेल प्रशासक शामिल थे।

