27 साल की हुईं ओलम्पिक पदक विजेता पीवी सिंधु

punjabkesari.in Tuesday, Jul 05, 2022 - 06:30 PM (IST)

नई दिल्ली : भारत की सबसे सफल शटलर पीवी सिंधु ने मंगलवार को अपना 27वां जन्मदिन मनाया। भारत के लिए विश्व चैंपियनशिप से लेकर ओलंपिक में पदक जीतने तक के सफर में वह बैडमिंटन जगत का एक बड़ा नाम बन गई हैं। सायना नेहवाल के बाद सिंधु ओलंपिक पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय शटलर हैं। वह सुशील कुमार के बाद लगातार ओलंपिक में दो व्यक्तिगत पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय भी हैं। 

सिंधु ने 2016 के रियो ओलंपिक फाइनल में पहुंचकर इतिहास रचते हुए भारत को रजत पदक दिलाया था। हैदराबाद में जन्मी सिंधु के पास एक स्वर्ण पदक सहित पांच विश्व चैंपियनशिप मेडल हैं। 2019 विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने के अलावा सिंधु 2013 एवं 2014 में कांस्य और 2017 एवं 2018 में रजत पदक जीत चुकी हैं। 

बैडमिंटन फेडेरेशन ऑफ इंडिया (बीएआई) के अध्यक्ष और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सिंधु के जन्मदिन पर उन्हें बधाई देते हुए कहा, 'हार्दिक बधाई सिंधु। बैडमिंटन कोर्ट में आपकी उपलब्धियां कमाल की रही हैं।' 

एथेन्स ओलंपिक में रजत पदक विजेता और भाजपा सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा, 'जन्मदिन पर बधाई। हमेशा चमकती रहें और लोगों को प्रेरित करती रहें।' 

भारतीय हॉकी टीम के खिलाड़ी युवराज वाल्मीकि ने कहा, 'नारी की शक्ति अजेय है। हमारी पी वी सिंधु इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण हैं कि महिलाएं क्या कर सकती हैं!' 

सिंधु को 2013 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वह 2015 में पद्मश्री हासिल करने वाली सबसे युवा भारतीय बन गयीं।सिंधु को 2016 में भारत के सबसे ऊंचे खेल पुरस्कार, मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार से भी नवाजा गया था। वह नवंबर 2021 में पद्मभूषण से भी सम्मानित हुईं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Recommended News

Related News