मिशेल सैंटनर की कंधे की चोट पर आया अपडेट, आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच से होंगे बाहर

punjabkesari.in Friday, May 01, 2026 - 01:52 PM (IST)

ऑकलैंड : न्यूजीलैंड के सीमित ओवरों की टीम के कप्तान मिशेल सैंटनर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दौरान कंधे में लगी चोट के कारण कम से कम एक महीने तक मैदान से बाहर रहेंगे। इस 34 वर्षीय खिलाड़ी को मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच 23 अप्रैल को खेले गए मैच के दौरान फील्डिंग करते समय बाएं कंधे में चोट लग गई थी। 

न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने शुक्रवार को कहा, 'सैंटनर इस सप्ताह न्यूजीलैंड लौट आए हैं और आज सुबह एक विशेषज्ञ से मिले, जिन्होंने बताया कि उन्हें कम से कम एक महीने के आराम और 'रिहैबिलिटेशन' की जरूरत है।' सैंटनर ने IPL मैच के दौरान जसप्रीत बुमराह की गेंद पर CSK के कार्तिक शर्मा का डाइव लगाकर कैच लिया, लेकिन इस दौरान उनके कंधे और सिर में चोट लग गई। इस कारण वह आयरलैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट और इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे। 

NZC ने कहा, 'दूसरे और तीसरे टेस्ट मैच के लिए उनकी उपलब्धता पर फैसला बाद में किया जाएगा।' न्यूजीलैंड और आयरलैंड के बीच एकमात्र चार दिवसीय टेस्ट मैच 27 मई को बेलफास्ट में शुरू होगा। इसके बाद न्यूजीलैंड की टीम इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स (4-8 जून), द ओवल (17-21 जून) और ट्रेंट ब्रिज (25-29 जून) में तीन टेस्ट मैच खेलेगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News