टॉम लाथम बांग्लादेश के खिलाफ पहले T20I मैच से बाहर, निक केली को मिली कप्तानी
punjabkesari.in Monday, Apr 27, 2026 - 02:08 PM (IST)
चटगांव (बांग्लादेश) : न्यूजीलैंड क्रिकेट ने पुष्टि की है कि ब्लैक कैप्स के कप्तान टॉम लाथम ट्रेनिंग सेशन के दौरान पैर के अंगूठे में चोट लगने के कारण बांग्लादेश के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल मैच से बाहर हो गए हैं। बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच पहला T20I मैच सोमवार को चटगांव के बीर श्रेष्ठ फ्लाइट लेफ्टिनेंट मतिउर रहमान स्टेडियम में खेला जा रहा है।
X पर जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार सीरीज के पहले मैच से पहले प्रैक्टिस के दौरान बल्लेबाजी करते समय गेंद लगने से लाथम के दाएं पैर के बड़े अंगूठे के नाखून के नीचे कट लग गया। बयान में कहा गया है, 'ब्लैक कैप्स के कप्तान टॉम लाथम आज बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले पहले टी20 मैच से बाहर हो गए हैं। कल ट्रेनिंग के दौरान बल्लेबाजी करते समय उनके दाएं पैर के बड़े अंगूठे पर गेंद लग गई थी। लाथम के अंगूठे के नाखून के नीचे कट लग गया है, और सीरीज के बाकी मैचों में उनकी उपलब्धता का फैसला हर मैच के बाद किया जाएगा।'
उनकी गैरमौजूदगी में वेलिंगटन फायरबर्ड्स के बल्लेबाज निक केली पहले T20 मैच में कप्तानी संभाल रहे हैं। इसके साथ ही वह T20 इंटरनेशनल में न्यूजीलैंड की कप्तानी करने वाले 13वें खिलाड़ी बन गए। बयान में कहा गया है, 'वेलिंगटन फायरबर्ड्स के बल्लेबाज निक केली, लाथम की जगह कप्तानी करेंगे और ब्लैक कैप्स के 13वें T20 कप्तान बनेंगे।' इस बीच बांग्लादेश ने टॉस जीतकर मेहमान टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही तीन मैचों की सीरीज के पहले T20I मैच में पहले फील्डिंग करने का फैसला किया है।
प्लेइंग XI :
बांग्लादेश : तंजीद हसन तमीम, सैफ हसन, लिटन दास (विकेटकीपर/कप्तान), परवेज हुसैन इमोन, तौहीद हृदोय, शमीम हुसैन, महेदी हसन, रिशाद हुसैन, तंजीम हसन साकिब, शोरिफुल इस्लाम, रिपन मंडल।
न्यूजीलैंड : टिम रॉबिन्सन, कैटेन क्लार्क, डेन क्लीवर (विकेटकीपर), निक केली (कप्तान), बेवन जैकब्स, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, जोश क्लार्कसन, नाथन स्मिथ, ईश सोढ़ी, मैथ्यू फिशर, बेन लिस्टर।

