पाकिस्तान टीम को बड़ी राहत, इंग्लैंड टेस्ट सीरीज से पहले चोटिल बल्लेबाज ने शुरू की ट्रेनिंग
punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 12:45 PM (IST)
नई दिल्ली : इंग्लैंड के खिलाफ अपने पहले टेस्ट मैच से पहले पाकिस्तान को बड़ी राहत मिली है क्योंकि अनुभवी बल्लेबाज शान मसूद ट्रेनिंग में लौट आए हैं। पाकिस्तान और मेजबान टीम के बीच होने वाली तीन मैचों की टेस्ट सीरीज मौजूदा ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-2027 साइकल का हिस्सा होगी। मसूद को कैरिबियन में वेस्टइंडीज के खिलाफ हालिया सीरीज के पहले टेस्ट के दौरान उंगली में चोट लग गई थी। इसके बाद वह दूसरा टेस्ट नहीं खेल पाए थे जिसमें पाकिस्तान ने मेजबान टीम को हराकर तीन साल बाद विदेशी धरती पर जीत का सूखा खत्म किया था।
बाएं हाथ के बल्लेबाज ने मंगलवार को बेकनहम में पाकिस्तान टीम के साथ ट्रेनिंग फिर से शुरू की जिससे 19 अगस्त से लीड्स में इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट में उनकी वापसी की उम्मीदें बढ़ गई हैं। ICC के हवाले से पाकिस्तान ने पुष्टि की, 'नेशनल टेस्ट स्क्वाड ने बेकनहम में केंट काउंटी क्रिकेट क्लब में प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने सेशन के दौरान बैटिंग और बॉलिंग नेट प्रैक्टिस की।' चोटिल बल्लेबाज शान मसूद ने भी प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लिया। मेडिकल टीम की देखरेख में उन्होंने बैटिंग प्रैक्टिस की।'
पाकिस्तान अभी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप स्टैंडिंग में आठवें स्थान पर है और नए कप्तान बाबर आजम की अगुवाई में इंग्लैंड में अपनी हालिया वापसी को जारी रखने की कोशिश करेगा। टीम पहले टेस्ट से पहले बेकनहम में तीन दिन का टूर मैच खेलेगी। ICC के अनुसार प्रोफेशनल काउंटी क्लब सेलेक्ट XI के खिलाफ मुकाबला मूल रूप से 12 अगस्त से शुरू होकर चार दिन तक चलने वाला था, लेकिन अब इस मैच को तीन दिन का कर दिया गया है और यह 13 अगस्त से शुरू होगा।
पाकिस्तान टेस्ट टीम :
बाबर आजम (कप्तान), आमिर जमाल, अब्दुल्ला शफीक, अली उस्मान, अज़ान अवैस, इमाम-उल-हक, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद अब्बास, मोहम्मद अली, मोहम्मद रिजवान, मुहम्मद अवैस जफर, मुहम्मद गाजी गौरी, साजिद खान, सलमान अली आगा, सऊद शकील, शान मसूद, उबैद शाह
शेड्यूल :
पहला टेस्ट : 19-23 अगस्त, हेडिंग्ले
दूसरा टेस्ट: 27-31 अगस्त, लॉर्ड्स
तीसरा टेस्ट: 9-13 सितंबर, एजबेस्टन

