पाकिस्तान की हॉकी टीम एशिया कप के लिए भारत नहीं आएगी, एशियाई हॉकी महासंघ ने की पुष्टि
punjabkesari.in Wednesday, Aug 20, 2025 - 03:28 PM (IST)

नई दिल्ली : पाकिस्तान की हॉकी टीम बिहार के राजगीर में 29 अगस्त से शुरु होने वाले आगामी एशिया कप में भाग लेने के लिए भारत नहीं आएगी। एशियाई हॉकी महासंघ (AHF) ने मंगलवार को पुष्टि की है कि पाकिस्तान की हॉकी टीम आगामी एशिया कप 2025 में भाग लेने के लिए भारत नहीं आएगी।
पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने पहले ही अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) और AHF दोनों को सूचित कर दिया था कि सुरक्षा चिंताओं के कारण उसे भारत में टीम भेजना मुश्किल होगा। 29 अगस्त से सात सितंबर तक चलने वाली इस महाद्वीपीय चैंपियनशिप के लिए पाकिस्तान की जगह बंगलादेश को चुना गया है।
पाकिस्तान तीन बार एशिया कप हॉकी चैंपियन रहा है जिसने 1982 और 1989 के बीच खेले गए पहले तीन संस्करण जीते हैं। एशिया कप 2025 की चैंपियन टीम को नीदरलैंड और बेल्जियम द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित होने वाले 2026 एफआईएच हॉकी विश्वकप के लिए भी सीधा प्रवेश मिलेगा।