इस खिलाड़ी ने घरेलू क्रिकेट में पूरे किए 10,000 रन, ऐसा करने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बने
punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 11:14 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा ने रणजी ट्रॉफी के 92 साल के इतिहास में 10,000 रन पूरे कर इतिहास रच दिया है। वह इस उपलब्धि तक पहुंचने वाले सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले यह कारनामा केवल वासिम जाफर ने किया था। डोगरा ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि 16 फरवरी को कल्याणी में बंगाल के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले के दौरान हासिल की।
दबाव में खेली कप्तानी पारी
सेमीफाइनल के अहम मुकाबले में जम्मू-कश्मीर की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम 13/2 पर संकट में थी। नंबर चार पर बल्लेबाजी करने उतरे डोगरा के सामने पारी संभालने की बड़ी जिम्मेदारी थी।
शुभम पुंडीर के आउट होने के बाद डोगरा ने अब्दुल समद के साथ 50 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को संभाला। अपनी पारी का 11वां रन पूरा करते ही उन्होंने 147वें रणजी मैच में 10,000 रन का ऐतिहासिक आंकड़ा छू लिया।
जाफर के बाद दूसरा नाम
डोगरा अब 10,000 रन क्लब में शामिल होने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। वासिम जाफर – 12,038 रन (ऑल टाइम रिकॉर्ड), पारस डोगरा – 10,000+ रन; करीब दो दशक से घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रदर्शन करने वाले डोगरा ने अपनी निरंतरता और लंबी पारी खेलने की क्षमता से यह मुकाम हासिल किया।
शानदार प्रथम श्रेणी करियर
डोगरा ने 2001 में हिमाचल प्रदेश के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया। हिमाचल के लिए 95 रणजी मैच, 6,418 रन, 19 शतक, 24 अर्धशतक, 2018 में उन्होंने पुडुचेरी का रुख किया और टीम के पहले रणजी शतकवीर बने। वहां पांच सीजन में 11 शतक लगाए। 2024-25 सीजन से वह जम्मू-कश्मीर के लिए खेल रहे हैं और कप्तानी संभालते हुए टीम को पहली बार रणजी सेमीफाइनल तक पहुंचाया।
रिकॉर्ड्स की लंबी फेहरिस्त
रणजी में कुल 33 शतक (सक्रिय खिलाड़ियों में सबसे ज्यादा)
9 दोहरे शतक – संयुक्त रूप से सर्वाधिक (चेतेश्वर पुजारा के साथ)
147 मैच – रणजी इतिहास में दूसरे सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी
डोगरा इस सीजन में भी 500 रन के करीब पहुंच चुके हैं और टीम के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

