T20 World Cup : जसप्रीत बुमराह ने इंटरनेशनल क्रिकेट में पूरे किए 500 विकेट, दिग्गजों की लिस्ट में बनाया स्थान

punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 10:19 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ खेलते हुए बुमराह ने इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 500 विकेट पूरे कर लिए। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह भारत के चुनिंदा गेंदबाजों में शामिल हो गए हैं। 2016 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने के बाद से बुमराह लगातार शानदार प्रदर्शन करते रहे हैं। उनकी सटीक यॉर्कर, तेज रफ्तार और दबाव में विकेट लेने की क्षमता ने उन्हें आधुनिक क्रिकेट के सबसे खतरनाक तेज गेंदबाजों में शामिल कर दिया है। 

सेमीफाइनल में हासिल की बड़ी उपलब्धि

भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में बुमराह ने यह खास उपलब्धि हासिल की।इंग्लैंड की पारी के दौरान पांचवें ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने इंग्लैंड के कप्तान Harry Brook को आउट कर अपना 500वां अंतरराष्ट्रीय विकेट लिया। इस विकेट के साथ बुमराह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 500 विकेट लेने वाले आठवें गेंदबाज बन गए। यह उपलब्धि उनके शानदार और लगातार प्रभावशाली करियर को दर्शाती है।

भारतीय दिग्गजों की खास सूची में शामिल (500 इंटरनेशनल विकेट) 

अनिल कुंबले
रविचंद्रन अश्विन
हरभजन सिंह
कपिल देव
रविंद्र जडेजा
जहीर खान
जवागल श्रीनाथ

इन सभी खिलाड़ियों ने भारतीय क्रिकेट में गेंदबाजी के क्षेत्र में बड़ा योगदान दिया है, और अब बुमराह भी इस प्रतिष्ठित सूची का हिस्सा बन गए हैं।

2016 में किया था अंतरराष्ट्रीय डेब्यू

जसप्रीत बुमराह ने 23 जनवरी 2016 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। अहमदाबाद के इस तेज गेंदबाज ने अपने करियर में तीनों फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन किया है। उनके आंकड़े उनकी निरंतरता और मैच जीताने की क्षमता को दिखाते हैं।

टेस्ट: 52 मैच – 234 विकेट
वनडे: 89 मैच – 149 विकेट
टी20 इंटरनेशनल: 94 मैच – 117 विकेट 

टी20 विश्व कप 2026 में भी शानदार फॉर्म

मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में भी बुमराह का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा है। कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम के लिए उन्होंने लगातार अहम विकेट लिए हैं। सेमीफाइनल से पहले खेले गए छह मैचों में उन्होंने 9 विकेट हासिल किए थे। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में एक और विकेट लेने के बाद टूर्नामेंट में उनके कुल विकेट 10 हो गए।

टी20 विश्व कप इतिहास में भी खास रिकॉर्ड के करीब

जसप्रीत बुमराह टी20 विश्व कप इतिहास में भारत के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। अगर वह इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में चार विकेट हासिल कर लेते हैं, तो वह दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नोर्त्जे का रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं। ऐसा होने पर वह टी20 विश्व कप इतिहास में किसी तेज गेंदबाज द्वारा सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News