इंग्लैंड ने महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए टीम की घोषणा की, पहली बार WC खेलेंगी ये प्लेयर्स

punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 05:25 PM (IST)

लंदन : इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम के चयनकर्ताओं ने ICC महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए 15 खिलाड़ियों की टीम की घोषणा कर दी है। इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) की वेबसाइट के अनुसार अनुभवी खिलाड़ी नैट साइवर-ब्रंट को कप्तान नियुक्त किया गया है और वह अपने सातवें टी20 वर्ल्ड कप में घरेलू धरती पर टीम का नेतृत्व करेंगी। नैट साइवर-ब्रंट के साथ 18 वर्षीय स्पिनर टिली कोर्टिन-कोलमैन भी टीम में शामिल हैं, जिन्होंने अभी तक कोई इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है। इनके अलावा, इसी वोंग और लॉरेन फाइलर भी टीम का हिस्सा हैं; ये सभी पहली बार टी20 वर्ल्ड कप की टीम में शामिल हुई हैं। डैनी व्याट-हॉज अपना आठवां टूर्नामेंट खेलने के लिए तैयार हैं।

ऑलराउंडर चार्ली डीन को उप-कप्तान बनाया गया है जिससे ऑलराउंडरों के मजबूत समूह को और गहराई मिली है। वहीं, तेज गेंदबाज लॉरेन बेल से गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई करने की उम्मीद है। मुख्य कोच शार्लेट एडवर्ड्स ने 2009 में इंग्लैंड में ही आयोजित ICC महिला टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को जीत दिलाई थी, के पास इस टूर्नामेंट के लिए 960 से अधिक टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने का अनुभव रखने वाली खिलाड़ियों की टीम उपलब्ध होगी। यह टूर्नामेंट 12 जून को एजबेस्टन में शुरू होगा। 

कप्तान नैट साइवर-ब्रंट ने कहा कि घरेलू टी20 वर्ल्ड कप में अपने समर्थकों के सामने इंग्लैंड की कप्तानी करना उनके लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है। उन्होंने कहा, 'अपने परिवार, दोस्तों और हमारे सभी जोशीले समर्थकों के सामने, घरेलू धरती पर टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड का नेतृत्व करना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है। हम सभी काफी समय से इस गर्मी और इस टूर्नामेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब जब टीम की घोषणा हो गई है, तो इसका मतलब है कि यह टूर्नामेंट बस आने ही वाला है। हम मैदान पर उतरने और इस वर्ल्ड कप को दोबारा जीतने के लिए अपना सब कुछ झोंक देने को लेकर अब और इंतजार नहीं कर सकते।' 

इंग्लैंड महिला टीम की मुख्य कोच शार्लोट एडवर्ड्स ने कहा कि उपलब्ध प्रतिभाओं की गहराई को देखते हुए 15 खिलाड़ियों वाली T20 विश्व कप टीम का चयन करना बेहद मुश्किल था। उन्होंने इसे अब तक की सबसे कठिन चयन प्रक्रिया बताया, जिसमें कई खिलाड़ी टीम में जगह बनाने के लिए ज़ोर लगा रही थीं। शार्लोट एडवर्ड्स ने कहा, 'इंतजार और अटकलों का दौर अब खत्म हो गया है; हमने अपनी ICC महिला टी20 विश्व कप टीम की घोषणा कर दी है। इसमें कोई शक नहीं कि इन 15 नामों तक पहुंचना बेहद मुश्किल रहा। यह चयन बैठकों का सबसे कठिन दौर था जिसका मैं हिस्सा रही हूं, क्योंकि चुनने के लिए खिलाड़ियों का समूह इतना मजबूत है और इतनी सारी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने टीम का हिस्सा बनने के लिए अपनी दावेदारी पेश की है और ठीक यही तो हम चाहते हैं।' 

एडवर्ड्स ने आगे कहा कि ऐसे फैसले लेना एक सौभाग्य की बात है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि अपने देश में ICC महिला टी20 विश्व कप की मेजबानी करना एक विशेष अवसर है और टीम इस टूर्नामेंट के दौरान जो कुछ भी हासिल कर सकती है, उससे वह बेहद प्रेरित है। उन्होंने कहा, 'विश्व-स्तरीय खेल की प्रकृति ही ऐसी होती है। इन कठिन फैसलों को लेने का अवसर मिलना हमारे लिए एक सौभाग्य है, जिसे हम हल्के में नहीं लेते। अपने देश की धरती पर ICC महिला टी20 विश्व कप का आयोजन इस देश में खेल के लिए एक विशेष क्षण है। हम सभी इस बात से बेहद प्रेरित हैं कि खिलाड़ियों के इस समूह के लिए आगे क्या-क्या अवसर हो सकते हैं और वे इस गर्मी में क्या-कुछ हासिल कर सकती हैं।' 

टी20 विश्व कप 2026 के लिए इंग्लैंड की महिला टीम : 

नैट साइवर-ब्रंट (कप्तान), लॉरेन बेल, एलिस कैप्सी, टिली कोर्टिन-कोलमैन, चार्ली डीन (उप-कप्तान), सोफिया डंकले, सोफी एक्लेस्टोन, लॉरेन फिलर, डैनी गिब्सन, एमी जोन्स (विकेटकीपर), फ्रेया केम्प, हीथर नाइट, लिन्से स्मिथ, इसी वोंग, डैनी व्याट-हॉज। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News