''यह सरकार की एक बड़ी गलती है'', शाकिब अल हसन ने बांग्लादेश के टी20 विश्व कप से बाहर रहने पर तोड़ी चुप्पी
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 06:30 PM (IST)
मुंबई : अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन ने ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम के शामिल न होने के लिए बांग्लादेश की अंतरिम सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने इस फैसले को एक बड़ी गलती और क्रिकेट-प्रेमी देश के लिए एक बड़ा झटका बताया है। EUT20 बेल्जियम जर्सी लॉन्च इवेंट के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए शाकिब ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह सरकार की तरफ से एक बड़ी गलती है कि उन्होंने उस वर्ल्ड कप में हिस्सा न लेने का फैसला किया।'
उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी ग्लोबल टूर्नामेंट में शामिल न हो पाना फैंस और खिलाड़ियों दोनों को दुख पहुंचाता है, खासकर ऐसे देश में जहां क्रिकेट का बहुत ज्यादा भावनात्मक महत्व है। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि यह एक बड़ा नुकसान है। जहां तक बांग्लादेश क्रिकेट की बात है, यह एक बड़ी चूक है। क्योंकि एक देश के तौर पर हमें अपने खिलाड़ियों को वर्ल्ड कप में खेलते हुए, मैच खेलते हुए देखना बहुत पसंद है।'
उन्होंने आगे कहा, 'हम एक क्रिकेट-प्रेमी देश हैं। बांग्लादेश जैसे देश का वर्ल्ड कप में हिस्सा न लेना एक बहुत बड़ी चूक थी।' बांग्लादेश ने भारत में हुए 2026 टी20 वर्ल्ड कप का बहिष्कार मुख्य रूप से देश में मैच आयोजित करने को लेकर सुरक्षा चिंताओं के कारण किया था। उन्होंने आधिकारिक तौर पर अपने इस फैसले के पीछे 'राष्ट्रीय गरिमा' और अपनी टीम की सुरक्षा का हवाला दिया था। यह फैसला भारत के साथ बिगड़े कूटनीतिक संबंधों और अपने मैचों को श्रीलंका में शिफ्ट करने की असफल कोशिश के बाद लिया गया था, जिसके परिणामस्वरूप उनकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर लिया गया।

