टी20 वर्ल्ड कप से क्यों बाहर हुए पैट कमिंस? ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने खुद बताई असली वजह

punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 12:02 PM (IST)

मेलबर्न : ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज और टेस्ट-वनडे कप्तान पैट कमिंस ने T20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के पीछे की वजह खुद साफ कर दी है। कमिंस ने बताया कि यह फैसला सिर्फ चोट के कारण नहीं, बल्कि आगामी व्यस्त टेस्ट सत्र में सभी मुकाबले खेलने की इच्छा से भी जुड़ा हुआ है।

पीठ की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाने के कारण कमिंस ने वर्ल्ड कप से हटने का कठिन फैसला लिया। उनकी जगह बेन ड्वार्शियस को ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया गया है। T20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से हो रही है।

कमिंस बोले—समय की कमी पड़ गई

कमिंस ने ऑस्ट्रेलियन एसोसिएटेड प्रेस से बातचीत में कहा, 'यह वाकई दुर्भाग्यपूर्ण था। मैं काफी अच्छा महसूस कर रहा था, लेकिन एक छोटी-सी परेशानी सामने आई और उससे उबरने के लिए समय कम पड़ गया। अब मैं कुछ हफ्तों तक आराम करूंगा और फिर आगे की योजना बनाऊंगा।'

स्कैन रिपोर्ट ने बदला पूरा प्लान

कमिंस ने बताया कि एडिलेड टेस्ट के बाद ही यह साफ हो गया था कि चोट को पूरी तरह ठीक होने में 4 से 8 हफ्ते लग सकते हैं। 'शुरुआत में हमें लगा था कि चार हफ्तों में सब ठीक हो जाएगा क्योंकि मैं अच्छा महसूस कर रहा था। लेकिन हाल ही में हुए स्कैन में डॉक्टरों ने कहा कि पूरी तरह ठीक होने में अभी कुछ और समय लगेगा। इसी वजह से समय की कमी हो गई।'

आगे ऑस्ट्रेलिया का बेहद व्यस्त टेस्ट कैलेंडर

कमिंस ने आगे कहा कि आने वाले महीनों में ऑस्ट्रेलिया का टेस्ट कार्यक्रम काफी व्यस्त रहने वाला है, जिसे देखते हुए सावधानी जरूरी थी। ऑस्ट्रेलिया अगस्त में बांग्लादेश के खिलाफ डार्विन और मैकाय में दो टेस्ट खेलेगा। इसके बाद टीम सितंबर में टेस्ट और वनडे के लिए दक्षिण अफ्रीका का दौरा करेगी।

इसके बाद न्यूजीलैंड की मेजबानी, फिर भारत के खिलाफ पांच टेस्ट की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी, मार्च में मेलबर्न में इंग्लैंड के खिलाफ 150 साल का ऐतिहासिक टेस्ट, फिर एशेज सीरीज, वनडे वर्ल्ड कप और जून में लॉर्ड्स में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल खेला जाना है।

‘अभी सतर्कता नहीं बरती तो बढ़ सकती थी समस्या’

कमिंस ने कहा, 'आने वाले सत्र में मैचों की संख्या को देखते हुए साल के पहले छह महीनों में संयम बरतना सही लगा। चोट ठीक हो जाएगी, लेकिन अगर अभी सतर्कता नहीं बरती जाती तो समस्या बढ़ सकती थी।'

IPL खेलने को लेकर उम्मीद बरकरार

हालांकि कमिंस को उम्मीद है कि वह 26 मार्च से शुरू होने वाले IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी के लिए समय पर फिट हो जाएंगे। 'हम चोट की स्थिति को देखते हुए फैसला लेंगे। कुछ हफ्तों बाद फिर स्कैन होगा। अगर रिपोर्ट सही रही तो धीरे-धीरे ट्रेनिंग बढ़ाई जाएगी। टेस्ट क्रिकेट की तुलना में T20 के लिए तैयारी करना थोड़ा आसान होता है।'


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News