पथुम निस्सांका का Asia Cup 2025 में लगातार दूसरा अर्धशतक, श्रीलंका के बड़े खिलाड़ियों का रिकॉर्ड तोड़ा
punjabkesari.in Tuesday, Sep 16, 2025 - 02:15 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : श्रीलंका के पथुम निस्सांका (Pathum Nissanka) ने मौजूदा पुरुष टी20 एशिया कप 2025 (Asia Cup 2025) में लगातार दूसरे अर्धशतक (68 रन) के बाद 150 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए हांगकांग के खिलाफ (HG vs SL) अपनी टीम को जीत दिला दी। इसी के साथ ही निसांका ने कुसल मेंडिस और कुसल परेरा जैसे बड़ी श्रीलंकाई खिलाड़ियों के टी20 अंतरराष्ट्रीय (T20I) मैचों में श्रीलंका के लिए सर्वाधिक 50 से ज्यादा रनों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।
निसांका ने छोटे अंतरराष्ट्रीय प्रारूप में अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी और पिछले 5 मैचों में अपना तीसरा और मौजूदा एशिया कप में दूसरा अर्धशतक जड़ा। 27 वर्षीय निसांका ने अपने 4 साल से कम के करियर में ही टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में श्रीलंका के लिए सबसे ज्यादा 50 प्लस रन बनाने का रिकॉर्ड बना लिया है। निस्सांका ने अभी तक कोई टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक नहीं लगाया है। निस्सांका ने श्रीलंका के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 17 बार पचास से ज्यादा रन बनाए हैं, जो इस प्रारूप में श्रीलंका के अनुभवी खिलाड़ी कुसल मेंडिस और कुसल परेरा से एक ज्यादा है।
टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में श्रीलंका के लिए सर्वाधिक 50 से ज्यादा रन
पथुम निस्सांका - 17
कुसल मेंडिस - 16
कुसल परेरा - 16 (15 अर्धशतक, 1 शतक)
टीएम दिलशान - 14 (13 अर्धशतक, 1 शतक)
महेला जयवर्धने - 10 (9 अर्धशतक, 1 शतक)
बाबर आजम (Babar Azam) और विराट कोहली (Virat Kohli) के नाम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में सर्वाधिक 39 अर्धशतक हैं। निस्सांका ने डेविड मलाना, क्विंटन डी कॉक और ग्लेन मैक्सवेल जैसे खिलाड़ियों की बराबरी की और क्रिस गेल और सिकंदर रजा जैसे अन्य खिलाड़ियों को पीछे छोड़ दिया।
निसांका अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सभी प्रारूपों में 1000 से ज्यादा रन बनाने वाले सिर्फ छह बल्लेबाजों में से एक हैं और सोमवार को उन्होंने हैरी ब्रुक को पीछे छोड़ दिया और अब वह जो रूट, बेन डकेट और शुभमन गिल जैसे बल्लेबाजों से पीछे हैं। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज की स्थिरता ने श्रीलंका को कामिल मिशारा, परेरा और दासुन शनाका जैसे तेज गेंदबाज़ों को बल्लेबाजी क्रम में खिलाने में मदद की है, जिससे टी20 टीम को बढ़त मिलती है।