फुटबॉल टूर्नामेंट खेलने जा रहे 19 खिलाड़ी हादसे का शिकार, 7 की हालत गंभीर

punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 04:47 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : हरियाणा के हिसार जिले के गांव चूली बागड़यान की फुटबॉल टीम शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गई। टूर्नामेंट खेलने जा रहे 19 खिलाड़ी घायल हो गए, जिनमें से 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

टायर फटने से पलटी गाड़ी

जानकारी के अनुसार, खिलाड़ी सिरसा जिले के रानियां क्षेत्र के गांव हरिपुरा में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए टाटा मैजिक वाहन में रवाना हुए थे। फतेहाबाद जिले के गांव खाबड़ा के पास अचानक वाहन का टायर फट गया। चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी पहले सड़क किनारे पेड़ से टकराई और फिर खेत में पलट गई। हादसे के वक्त वाहन में कुल 19 खिलाड़ी सवार थे। गाड़ी पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों ने चलाया राहत अभियान

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सभी खिलाड़ियों को तुरंत भट्टू सीएचसी ले जाया गया।

7 खिलाड़ियों को अग्रोहा रेफर

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बिल्लू, विजय, मुकेश, दिनेश, हिमांशु, क्षितिज और सुनील की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

अन्य 12 खिलाड़ियों — रोहताश, अमन, साबू, छोटू, आशीष, कुलदीप, अनुज, पंकज, भीम सिंह, राघव, विकास और ज्ञानेंद्र — को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। सभी खिलाड़ियों की उम्र 15 से 35 वर्ष के बीच बताई गई है।

गांव की मेहनती टीम, टूर्नामेंट से चूकी

गांव चूली बागड़यान में यह टीम नियमित अभ्यास करती है। गांव के युवाओं ने मिलकर टीम बनाई है और वरिष्ठ खिलाड़ी उन्हें प्रशिक्षण देते हैं। हादसे के कारण टीम टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सकी।

सूचना मिलते ही सरपंच प्रतिनिधि विनोद बैनीवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और खिलाड़ियों के परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News