क्रिकेटर केदार जाधव के पिता को पुलिस ने ढूंढा, सोमवार से थे लापता

punjabkesari.in Tuesday, Mar 28, 2023 - 12:32 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेटर केदार जाधव के पिता महादेव जाधव जो पुणे स्थित अपने घर से सोमवार की सुबह से लापता हो गए थे, को पुलिस ने उन्हें ढूंढ लिया है। जाधव ने पिता के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई थी जिसके बाद पुलिस ने उन्हें मुंधवा क्षेत्र से ढूंढा गया है। 

अलंकार पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया था कि केदार जाधव की शिकायत के अनुसार उनके 75 वर्षीय पिता को ‘डेमेंशिया (भूलने की बीमारी) है। अधिकारी ने कहा कि महादेव जाधव सुबह की सैर के लिए निकले थे और उसके बाद से गायब हैं। रिहाइशी परिसर के दरवाजे से निकलने के बाद से वह नजर नहीं आए। पुलिस ने मामला दर्ज किया और उनकी तलाश की। 

आज पुलिस ने जाधव को उनके पिता के मिलने की जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि महादेव जाधव मुंधवा इलाके में पाए गए। मुंधवा थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अजीत लकड़े ने कहा, 'उनकी हालत ठीक है और उन्हें उनके परिवार से मिला दिया गया है।' केदार जाधव ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक फोटो पोस्ट की जिसमें उन्होंने अपने पिता के ठीक होने की जानकारी देते हुए प्रार्थनाओं के लिए लोगों से शुक्रिया कहा। 

गौर हो कि केदार जाधव भारत के लिए 73 वनडे और 9 टी20 आई मैच खेल चुके हैं। उन्होंने वनडे में 120 के हाईएस्ट के साथ कुल 1389    रन और टी20 में 58 के हाईएस्ट के साथ 122 रन बनाए हैं। वनडे उन्होंने 2 शतक और 6 अर्धशतक जबकि टी20आई में एक अर्धशतक लगाया है। इसके अलावा जाधव ने वनडे में 27 विकेट भी लिए हैं। वह 2007 से महाराष्ट्र के लिए रणजी क्रिकेट खेल रहे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News