अर्शदीप सिंह के बचाव में उतरे प्रभसिमरन, तिलक वर्मा को ''अंधेरे'' कहने के विवाद पर दिया स्पष्टीकरण

punjabkesari.in Wednesday, Jun 17, 2026 - 12:24 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 के दौरान पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज तिलक वर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। इस वीडियो में अर्शदीप तिलक को 'ओए अंधेरे' कहकर बुलाते नजर आए थे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उन्हें नस्लीय टिप्पणी करने के आरोपों का सामना करना पड़ा। अब इस पूरे विवाद पर पंजाब किंग्स के विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह ने अर्शदीप का बचाव किया है।

'दोनों अच्छे दोस्त हैं, इसे मुद्दा नहीं बनाना चाहिए'

इनसाइडस्पोर्ट से बातचीत में प्रभसिमरन सिंह ने कहा कि अर्शदीप और तिलक वर्मा के बीच गहरी दोस्ती है और दोनों अक्सर एक-दूसरे के साथ मजाक करते रहते हैं। उन्होंने कहा, 'यह सिर्फ दोस्तों के बीच का मजाक था। दोनों बहुत अच्छे दोस्त हैं और आपस में कुछ भी कह सकते हैं। यह इस बात पर निर्भर करता है कि हम किसी बात को कैसे लेते हैं। दोनों ने साथ में काफी क्रिकेट खेली है, इसलिए लोगों को यह मामला उन्हीं पर छोड़ देना चाहिए।'

'अर्शदीप का स्वभाव नहीं बदला'

प्रभसिमरन ने कहा कि सोशल मीडिया पर हुई आलोचना का अर्शदीप सिंह पर कोई असर नहीं पड़ा। उन्होंने बताया कि तेज गेंदबाज का व्यवहार पहले जैसा ही है और वह हमेशा अपने खेल पर ध्यान देते हैं।

उन्होंने कहा, 'उनकी सबसे अच्छी बात यह है कि वह अच्छे और बुरे समय में एक जैसे रहते हैं। हर कोई जानता है कि वह कितने मेहनती खिलाड़ी हैं। किसी निजी विवाद की वजह से उनके क्रिकेट प्रदर्शन को जज करना सही नहीं होगा।'

इंस्टाग्राम पोस्ट डिलीट करने से बढ़ी अटकलें

विवाद के बीच अर्शदीप सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से करीब 200 पोस्ट और वीडियो हटा दिए, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लगने लगीं। कई लोगों ने दावा किया कि उन्होंने पंजाब किंग्स से जुड़े पोस्ट भी हटा दिए हैं। हालांकि, अर्शदीप के प्रोफाइल पर अब भी पंजाब किंग्स की टीम फोटो मौजूद है, जिसके कैप्शन में लिखा है, 'Sabar. Shukar. Punjab.' फिलहाल उनके अकाउंट पर परिवार, ब्रांड एंडोर्समेंट और करियर की अहम उपलब्धियों से जुड़े पोस्ट ही दिखाई दे रहे हैं।

आईपीएल 2026 में मिला-जुला रहा प्रदर्शन

मैदान पर अर्शदीप सिंह का आईपीएल 2026 सीजन उतार-चढ़ाव भरा रहा। उन्होंने 14 मैचों में 14 विकेट लेकर पंजाब किंग्स के लिए सबसे ज्यादा विकेट हासिल किए, लेकिन टीम को प्लेऑफ में नहीं पहुंचा सके। सीजन के दौरान उनके एक अन्य व्लॉग को लेकर भी विवाद हुआ था, जब सोशल मीडिया यूजर्स ने दावा किया कि वीडियो की पृष्ठभूमि में स्पिनर युजवेंद्र चहल ई-सिगरेट का इस्तेमाल करते नजर आए थे। इसके बाद अर्शदीप ने अपने बिहाइंड-द-सीन्स वीडियो और व्लॉग पोस्ट करना काफी कम कर दिया।

एक अंक से चूका पंजाब किंग्स

आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। टीम लगातार छह मैच हार गई, जिससे उसकी प्लेऑफ की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा। हालांकि आखिरी लीग मुकाबला जीतकर टीम ने हार का सिलसिला तोड़ा, लेकिन अंक तालिका में पांचवें स्थान पर रहते हुए वह सिर्फ एक अंक से प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News