फ़ीडे कैंडिडेट में जीत के साथ प्रज्ञानंदा का धमाकेदार आगाज़
punjabkesari.in Monday, Mar 30, 2026 - 11:54 PM (IST)
साइप्रस ( निकलेश जैन) फ़ीडे कैंडिडेट शतरंज टूर्नामेंट के पुरुष वर्ग में भारत की एकमात्र उम्मीद ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानंदा ने पहले ही राउंड में शानदार जीत दर्ज करते हुए अपने अभियान का दमदार आगाज़ किया है। उन्होंने नीदरलैंड के अनुभवी खिलाड़ी और फ़ीडे ग्रैंड स्विस विजेता अनीश गिरी को पराजित करते हुए यह स्पष्ट कर दिया कि वह इस प्रतिष्ठित मंच पर बड़ा प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
सफेद मोहरों से खेलते हुए प्रज्ञानंदा ने सिसिलियन डिफेंस के खिलाफ ग्रां प्री वेरिएशन अपनाकर शुरुआत से ही आक्रामक रुख दिखाया। उन्होंने मिडिलगेम में पहल बनाए रखी और समय के दबाव में आए गिरी से 36वीं चाल में गंभीर गलती करवाई। इसके बाद हाथी और प्यादों के एंडगेम में प्रज्ञानंदा ने बेहद सटीक खेल दिखाते हुए 51 चालों में जीत अपने नाम कर ली।
पिछले कुछ समय से अपेक्षाकृत साधारण प्रदर्शन कर रहे प्रज्ञानंदा के लिए यह जीत आत्मविश्वास बढ़ाने वाली साबित हुई है और उन्होंने पहले ही राउंड में यह संकेत दे दिया है कि वह खिताब की दौड़ में मजबूती से बने रह सकते हैं।
पुरुष वर्ग में अन्य मुकाबलों में अमेरिका के फाबियानो कारुआना ने हिकारू नाकामुरा को एक जटिल मुकाबले में पराजित किया, जबकि उज्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव ने आंद्रे एसिपेंको को हराते हुए महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।
महिला वर्ग में पहले राउंड के सभी मुकाबले ड्रॉ रहे। भारत की दिव्या देशमुख ने यूक्रेन की अन्ना मुज़्यचुक के खिलाफ संतुलित खेल दिखाते हुए आधा अंक हासिल किया, वहीं आर वैशाली ने कजाकिस्तान की बिबीसारा असुबायेवा के खिलाफ मुश्किल स्थिति से वापसी करते हुए मुकाबला ड्रॉ कराया।
कुल मिलाकर कैंडिडेट टूर्नामेंट का पहला दिन रोमांचक रहा, जहां पुरुष वर्ग में निर्णायक परिणाम देखने को मिले, जबकि महिला वर्ग में मुकाबले संतुलित रहे।

