भारत में पहली बार BBL मैच कराने की तैयारी, PM मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर हो सकता है बड़ा ऐलान

punjabkesari.in Saturday, Jul 04, 2026 - 03:42 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : क्रिकेट इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने की तैयारी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान भारत में पहली बार बिग बैश लीग (BBL) का मुकाबला आयोजित किए जाने का ऐलान कर सकते हैं। प्रस्तावित योजना के अनुसार 12 दिसंबर को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच मुकाबला खेला जा सकता है।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और BCCI के बीच अंतिम दौर की बातचीत

ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के बीच इस ऐतिहासिक मुकाबले को लेकर बातचीत अंतिम चरण में है। यदि दोनों बोर्ड अंतिम सहमति पर पहुंच जाते हैं तो यह पहली बार होगा जब ऑस्ट्रेलिया की घरेलू टी20 लीग का कोई आधिकारिक मुकाबला भारत में आयोजित होगा।

पीएम मोदी के ऑस्ट्रेलिया दौरे में हो सकता है बड़ा ऐलान

सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 से 10 जुलाई के बीच ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रहेंगे। इसी दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच बढ़ते खेल और सांस्कृतिक संबंधों के प्रतीक के रूप में इस ऐतिहासिक BBL मुकाबले की घोषणा की जा सकती है।

चेन्नई का दौरा कर चुकी है क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की टीम

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया पिछले कई महीनों से इस परियोजना पर काम कर रहा है। फरवरी में बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी भारत आए थे और इसके बाद पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने चेन्नई पहुंचकर एमए चिदंबरम स्टेडियम का निरीक्षण किया। प्रतिनिधिमंडल ने BCCI और तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TNCA) के अधिकारियों के साथ भी विस्तृत चर्चा की। रिपोर्ट्स के मुताबिक BCCI और TNCA दोनों ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।

रेनेगेड्स छोड़ेंगे अपना घरेलू मैच

इस ऐतिहासिक मुकाबले में मेलबर्न रेनेगेड्स को घरेलू टीम माना जाएगा। इसके लिए फ्रेंचाइजी अपने नियमित घरेलू मुकाबलों में से एक मैच छोड़ने को तैयार है, ताकि BBL का पहला विदेशी लीग मुकाबला भारत में आयोजित किया जा सके।

यात्रा और मौसम सबसे बड़ी चुनौती

हालांकि इस योजना के सामने कुछ चुनौतियां भी हैं। फिलहाल ऑस्ट्रेलिया से चेन्नई के लिए सीधी व्यावसायिक उड़ान उपलब्ध नहीं है, जिससे दोनों टीमों को करीब 13 घंटे की लंबी यात्रा करनी पड़ सकती है।

इसके अलावा दिसंबर में चेन्नई में पूर्वोत्तर मानसून सक्रिय रहता है, जिसके कारण बारिश भी आयोजन के लिए चिंता का विषय हो सकती है। वहीं मैच के समय को लेकर भी चर्चा जारी है। आयोजक ऑस्ट्रेलियाई प्राइम टाइम दर्शकों को ध्यान में रखते हुए दोपहर में मैच कराने और भारतीय दर्शकों के लिए पारंपरिक डे-नाइट मुकाबले के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

क्रिकेट इतिहास में दर्ज हो सकता है नया अध्याय

यदि यह मुकाबला तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होता है तो यह भारत और ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेट संबंधों में एक ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। साथ ही भविष्य में अन्य विदेशी फ्रेंचाइजी लीग मुकाबलों के भारत में आयोजन का रास्ता भी खुल सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News