सैमसन-अभिषेक-ईशान नहीं, इस खिलाड़ी को मिलेगा क्रिकेटर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड

punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 12:44 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के प्रतिष्ठित नमन अवॉर्ड्स 2026 का आयोजन 15 मार्च को दिल्ली में किया जाएगा। इस समारोह में भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों और बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले क्रिकेटरों को सम्मानित किया जाएगा। इस बार महान बल्लेबाज और पूर्व भारतीय कोच राहुल द्रविड़ को कर्नल सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।

शुभमन गिल बनेंगे ‘क्रिकेटर ऑफ द ईयर’

BCCI के इस समारोह में भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को ‘क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ का पुरस्कार दिया जाएगा।गिल ने एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 में सबसे ज्यादा रन बनाए थे। इसके अलावा उनकी कप्तानी में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज 2-2 से ड्रॉ कराई थी, जो टीम के लिए बड़ी उपलब्धि रही।

अयुष म्हात्रे को मिलेगा लाला अमरनाथ अवॉर्ड

भारत की अंडर-19 वर्ल्ड कप विजेता टीम के कप्तान अयुष म्हात्रे को घरेलू व्हाइट-बॉल क्रिकेट में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए लाला अमरनाथ अवॉर्ड दिया जाएगा। यह पुरस्कार घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले ऑलराउंडर को दिया जाता है।

मिताली राज को भी मिल सकता है बड़ा सम्मान

रिपोर्ट्स के मुताबिक BCCI भारत की पूर्व महिला कप्तान मिताली राज को भी लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित करने पर विचार कर रहा है। इसके अलावा मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) को घरेलू क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट एसोसिएशन का पुरस्कार दिया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में राहुल द्रविड़ का रिकॉर्ड

राहुल द्रविड़ भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे महान बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। उन्होंने 1996 में टेस्ट और वनडे क्रिकेट में डेब्यू किया था। अपनी शानदार बल्लेबाजी के कारण उन्हें ‘द वॉल’ के नाम से जाना जाता है। टेस्ट मैच: 164 मैच, 13,288 रन, औसत 52.31, शतक: 36, अर्धशतक: 63; वनडे क्रिकेट में द्रविड़ ने 318 पारियों में 10,889 रन बनाए। उनका औसत 39.16 रहा, जिसमें 12 शतक और 83 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने अपने करियर में सिर्फ एक T20 इंटरनेशनल मैच खेला था, जिसमें इंग्लैंड के खिलाफ 21 गेंदों पर 31 रन बनाए थे।

कोच के रूप में भी रहा शानदार करियर

संन्यास के बाद राहुल द्रविड़ ने कोचिंग की जिम्मेदारी संभाली और भारतीय क्रिकेट में अहम योगदान दिया। उन्होंने पृथ्वी शॉ की कप्तानी वाली भारत की अंडर-19 टीम को 2018 वर्ल्ड कप जिताया। इसके बाद वह नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA), बेंगलुरु के प्रमुख बने।

बाद में द्रविड़ भारतीय सीनियर टीम के हेड कोच बने। उनके कार्यकाल में भारत WTC 2023 और ODI वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में पहुंचा, हालांकि दोनों बार टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार मिली। लेकिन 2024 में भारत ने T20 वर्ल्ड कप जीतकर ICC ट्रॉफी का सूखा खत्म किया, जो द्रविड़ के कोचिंग करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News