राजस्थान रॉयल्स ने वैभव सूर्यवंशी को लाइमलाइट से दूर रखने के लिए बनाया प्लान

punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 06:29 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 से पहले राजस्थान रॉयल्स ने अपने सबसे चर्चित युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को लेकर एक खास रणनीति तैयार की है। महज़ 14 साल की उम्र में सनसनी बन चुके इस बल्लेबाज़ पर इस बार पूरे क्रिकेट जगत की नजरें होंगी। ऐसे में टीम मैनेजमेंट और कप्तान रियान पराग नहीं चाहते कि बाहरी दबाव उनके प्रदर्शन को प्रभावित करे। यही वजह है कि फ्रेंचाइज़ी ने उन्हें मीडिया की चकाचौंध से दूर रखने और पूरी तरह खेल पर फोकस कराने का फैसला किया है।

कप्तान रियान पराग का साफ संदेश: “सिर्फ बल्लेबाजी पर ध्यान दो” 

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने साफ कर दिया है कि वैभव सूर्यवंशी को इस सीज़न में सिर्फ अपने खेल पर ध्यान देना है। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि टीम का फोकस इस युवा खिलाड़ी को मानसिक रूप से हल्का रखने पर है।पराग का मानना है कि IPL जैसे बड़े टूर्नामेंट में चर्चा और दबाव स्वाभाविक हैं, लेकिन इसे संभालने की जिम्मेदारी सीनियर खिलाड़ियों को लेनी चाहिए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि “दबाव यशस्वी जायसवाल ले लेंगे”, जबकि वैभव को सिर्फ मैदान पर जाकर खुलकर खेलने की आज़ादी दी जाएगी। 

डेब्यू सीजन में मचाया था धमाल 

वैभव सूर्यवंशी ने अपने पहले ही IPL सीज़न में ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने उन्हें रातों-रात स्टार बना दिया। उन्होंने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर सबका ध्यान खींचा और फिर 35 गेंदों में शतक लगाकर इतिहास रच दिया। इसके बाद उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी शानदार खेल दिखाया, जहां फाइनल में 175 रनों की पारी खेलकर भारत को खिताब दिलाया। पूरे टूर्नामेंट में उनके बल्ले से 30 छक्के निकले, जो उनकी आक्रामक शैली को दर्शाते हैं। 

दूसरा सीजन होगा असली परीक्षा 

हालांकि, क्रिकेट एक्सपर्ट्स का मानना है कि दूसरा सीज़न हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है। अब विपक्षी टीमें वैभव की बल्लेबाज़ी को अच्छी तरह समझ चुकी होंगी और उनके खिलाफ खास रणनीति के साथ उतरेंगी। पूर्व भारतीय गेंदबाज़ लक्ष्मीपति बालाजी ने भी चेतावनी दी है कि इस बार निरंतरता बनाए रखना आसान नहीं होगा। ऐसे में टीम के मेंटर कुमार संगकारा की भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है, जो इस युवा खिलाड़ी को सही दिशा में मार्गदर्शन देंगे।

मीडिया से दूरी: दबाव कम करने की रणनीति 

राजस्थान रॉयल्स का प्लान साफ है—वैभव को मीडिया इंटरैक्शन से दूर रखा जाएगा। कप्तान पराग ने संकेत दिए हैं कि वह इस युवा खिलाड़ी को ज्यादा प्रेस कॉन्फ्रेंस या इंटरव्यू से बचाएंगे, ताकि वह अनावश्यक दबाव से दूर रह सके। संजू सैमसन के टीम से जाने के बाद अब यशस्वी जायसवाल बैटिंग यूनिट के लीडर होंगे, जिससे वैभव को बिना किसी बोझ के खेलने का मौका मिलेगा। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News