राजस्थान रॉयल्स के लिए बुरी खबर, इस कारण IPL 2026 से बाहर हो सकते हैं सैम करन
punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 11:42 AM (IST)
जयपुर : इंग्लैंड के करिश्माई ऑलराउंडर सैम करन राजस्थान रॉयल्स के लिए आने वाला इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सीजन से बाहर हो सकते हैं। उन्हें ग्रोइन में चोट लगने का संदेह है जिसके चलते फ्रेंचाइजी उनके विकल्प तलाश रही है। करन जो इंग्लैंड की उस टी20 विश्व कप टीम का हिस्सा थे, जो हाल ही में सेमीफाइनल में भारत से हार गई थी, उन्हें पिछले साल चेन्नई सुपर किंग्स ने राजस्थान रॉयल्स को ट्रेड कर दिया था। इस सौदे में रवींद्र जडेजा भी शामिल थे और इसके बदले में भारत के विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने साथ जोड़ा था।
यह 27 वर्षीय ऑलराउंडर जो पहले पंजाब किंग्स और चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, और 2023 के इंडियन प्रीमियर लीग सीजन से पहले 18.5 करोड़ रुपए में सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी थे, अब चोट के कारण टीम से बाहर हो गए हैं। कर ने 2020 और 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेला था और पिछले सीजन से पहले 2.4 करोड़ रुपए में टीम में फिर से शामिल हुए थे, उन्होंने 2025 के अभियान का समापन चेन्नई फ्रेंचाइजी के लिए पांच मैचों में 114 रन और एक विकेट के साथ किया था।
भारत के पूर्व तेज गेंदबाज लक्ष्मीपति बालाजी ने इस बात पर हैरानी जताई थी कि राजस्थान रॉयल्स ने अनुभवी रवींद्र जडेजा या सैम करन में से किसी को भी कप्तान नियुक्त नहीं किया बल्कि इसके बजाय रियान पराग को कप्तान चुना। राजस्थान रॉयल्स करन की जगह लेने के लिए कई विकल्पों पर विचार कर सकती है। जडेजा के अलावा फ्रेंचाइजी के पास ऑलराउंडर डोनोवन फरेरा भी हैं, जो बड़े शॉट लगाने वाले बल्लेबाज हैं और अपनी उपयोगी ऑफ-स्पिन गेंदबाजी से भी योगदान दे सकते हैं।

