Duleep Trophy 2026: कब-कहां और कैसे देखें दलीप ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला, जानें डिटेल

punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2026 - 04:40 PM (IST)

बेंगलुरु: दलीप ट्रॉफी 2026-27 के फाइनल मुकाबले के लिए मंच तैयार है। खिताबी मुकाबले में ईस्ट जोन और साउथ जोन की टीमें आमने-सामने होंगी। साउथ जोन की कप्तानी तिलक वर्मा करेंगे, जबकि ईस्ट जोन की कमान ईशान किशन के हाथों में है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला 6 से 10 सितंबर तक चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा।

सेमीफाइनल में साउथ जोन ने नॉर्थ जोन को हराया

साउथ जोन ने सेमीफाइनल में नॉर्थ जोन को 7 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। कप्तान तिलक वर्मा ने इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया और टीम को जीत तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। तिलक ने पहली पारी में नाबाद शतक लगाया था और दूसरी पारी में भी नाबाद अर्धशतक जड़कर टीम को फाइनल का टिकट दिलाया। अब उनकी नजर खिताबी मुकाबले में भी दमदार प्रदर्शन करने पर होगी।

ईस्ट जोन ने डिफेंडिंग चैंपियन को दी मात

दूसरी ओर, ईस्ट जोन ने डिफेंडिंग चैंपियन सेंट्रल जोन को सेमीफाइनल में 4 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। इस जीत के साथ ईस्ट जोन ने खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की की। ईस्ट जोन और साउथ जोन के बीच दलीप ट्रॉफी के फाइनल में लंबे समय बाद भिड़ंत होगी। दोनों टीमें इससे पहले 1970-71 सीजन के फाइनल में आमने-सामने आई थीं।

फाइनल में कई बड़े नाम आएंगे नजर

दलीप ट्रॉफी फाइनल में कई ऐसे खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे, जो भारतीय टीम में जगह बनाने की दौड़ में हैं। साउथ जोन की टीम को फाइनल से पहले मोहम्मद सिराज और देवदत्त पडिक्कल के जुड़ने से मजबूती मिली है। वहीं ईस्ट जोन की टीम में ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी और मोहम्मद शमी जैसे बड़े नाम मौजूद हैं। हालांकि, केएल राहुल फाइनल का हिस्सा नहीं होंगे।

इस मुकाबले पर इसलिए भी नजर रहेगी क्योंकि कई खिलाड़ी आगामी अंतरराष्ट्रीय सीरीज के लिए चयनकर्ताओं को प्रभावित करने का प्रयास करेंगे।

चेपॉक में खेला जाएगा पांच दिवसीय फाइनल

तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (TNCA) ने पुष्टि की है कि दलीप ट्रॉफी 2026-27 का फाइनल एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई में खेला जाएगा। मुकाबला 6 सितंबर से 10 सितंबर तक चलेगा। यह पांच दिवसीय फर्स्ट-क्लास मुकाबला होगा और हर दिन खेल सुबह 9:30 बजे शुरू होगा।

फैंस के लिए फ्री एंट्री

चेन्नई में होने वाले इस मुकाबले के लिए स्थानीय क्रिकेट फैंस के लिए अच्छी खबर है। TNCA ने सभी दर्शकों के लिए फ्री एंट्री की घोषणा की है। दर्शक गेट नंबर 4 से C, D और E लोअर स्टैंड में प्रवेश कर सकेंगे। स्टेडियम के गेट हर दिन सुबह 9 बजे खोल दिए जाएंगे।

Duleep Trophy Final कब और कहां खेला जाएगा?

मुकाबला: ईस्ट जोन vs साउथ जोन
तारीख: 6 सितंबर से 10 सितंबर 2026
दिन: रविवार से गुरुवार
समय: सुबह 9:30 बजे IST
स्थान: एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई

Duleep Trophy Final LIVE कहां देखें?

दलीप ट्रॉफी फाइनल का लाइव टेलीकास्ट Star Sports Network पर किया जाएगा। वहीं फैंस मुकाबले की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar पर देख सकेंगे।

लाइव टेलीकास्ट: Star Sports Network
लाइव स्ट्रीमिंग: JioHotstar

फाइनल में किसकी नजर खिताब पर?

साउथ जोन पिछले सीजन के फाइनल में हारने के बाद इस बार खिताब जीतने के इरादे से उतरेगा। दूसरी तरफ ईस्ट जोन के पास लंबे अंतराल के बाद फाइनल में पहुंचकर ट्रॉफी अपने नाम करने का मौका है। तिलक वर्मा और ईशान किशन जैसे युवा भारतीय खिलाड़ियों के साथ सिराज, शमी और देवदत्त पडिक्कल जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी मुकाबले को और खास बना रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News