IND vs PAK मैच पर बोले BCCI सचिव राजीव शुक्ला, क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक फैसला

punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 01:05 PM (IST)

नई दिल्ली : बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 मैच को लेकर बने गतिरोध के समाधान के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि आईसीसी ने सभी पक्षों से बातचीत कर एक ऐसा “बेहद अच्छा और संतुलित समाधान” निकाला, जिसके बाद पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार का फैसला वापस ले लिया।

15 फरवरी को तय कार्यक्रम के अनुसार होगा मुकाबला

भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला अब 15 फरवरी को कोलंबो में तय कार्यक्रम के अनुसार खेला जाएगा। पाकिस्तान सरकार ने बांग्लादेश और श्रीलंका के समझाने के बाद अपने पहले के बहिष्कार के फैसले से पीछे हटने का निर्णय लिया।

“ICC ने सभी पक्षों की बात सुनी” – राजीव शुक्ला

मीडिया से बातचीत में राजीव शुक्ला ने कहा, 'मैं बीसीसीआई की ओर से आईसीसी चेयरमैन (जय शाह) और अन्य पदाधिकारियों का धन्यवाद करना चाहता हूं। उन्होंने बहुत अच्छा समाधान निकाला। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड से चर्चा के बाद, सभी पक्षों की बात सुनकर यह फैसला लिया गया।' उन्होंने आगे कहा कि यह निर्णय क्रिकेट के हित में बेहद अहम है। 'क्रिकेट चलना चाहिए और अब वर्ल्ड कप एक बड़ी सफलता होगा। यह आईसीसी की बड़ी उपलब्धि है। यहां तक कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भी आईसीसी की सराहना की है।'

“क्रिकेट सबसे ऊपर”

राजीव शुक्ला ने जोर देते हुए कहा कि 'अंततः क्रिकेट सबसे महत्वपूर्ण है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सभी के लिए जरूरी है।' उन्होंने कहा कि आईसीसी ने सभी हितधारकों के हितों को ध्यान में रखकर संतुलित फैसला लिया है।

बांग्लादेश की अपील से साफ हो गया था पाकिस्तान का रुख

यह लगभग तय हो गया था कि पाकिस्तान बहिष्कार वापस ले लेगा, जब बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने ढाका से बयान जारी कर पाकिस्तान से खेल के व्यापक हित में मैच खेलने की अपील की।

श्रीलंका राष्ट्रपति की भी अहम भूमिका

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ को श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके का फोन भी आया, जिसमें उन्होंने भारत-पाकिस्तान मैच खेलने की अनुमति देने का आग्रह किया।

इसके बाद पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नक़वी ने आईसीसी के साथ हुई बातचीत की पूरी जानकारी प्रधानमंत्री को दी, जिसके बाद सरकार ने बहिष्कार का फैसला वापस लिया।

बांग्लादेश पर सज़ा नहीं, ICC की रियायत

आईसीसी ने इस पूरे मामले में एक और अहम कदम उठाते हुए बांग्लादेश पर किसी तरह की सज़ा नहीं लगाने का फैसला किया। बांग्लादेश को सुरक्षा कारणों से भारत में खेलने से इनकार करने के बाद टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया था और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया था।

पाकिस्तान ने क्यों लिया था बहिष्कार का फैसला

पाकिस्तान सरकार ने भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार बांग्लादेश के समर्थन में किया था, जब आईसीसी ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया। हालांकि अब आईसीसी, बीसीबी और श्रीलंका की पहल के बाद यह विवाद सुलझ गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News