IPL 2026: RCB ने रचा इतिहास, 16,000 करोड़ में बिकी टीम, दुनिया की सबसे महंगी फ्रेंचाइजी बनी
punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 10:36 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : IPL इतिहास की सबसे बड़ी डील में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 16,000 करोड़ रुपये से ज्यादा में बेच दिया गया है। यह डील आईपीएल इतिहास की सबसे महंगी फ्रेंचाइजी डील मानी जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक आदित्य बिड़ला ग्रुप के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम ने टीम को खरीदा है।
यह कंसोर्टियम यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड (USL) से 100 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदेगा, जो कि यूके की कंपनी डियाजियो की सब्सिडियरी है। इस डील की कुल कीमत 1.78 बिलियन डॉलर (लगभग 16,000 करोड़ रुपये से ज्यादा) बताई जा रही है।
ये दिग्गज कंपनियां भी हैं शामिल
आदित्य बिड़ला ग्रुप के अलावा इस कंसोर्टियम में टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, डेविड ब्लिट्जर की Bolt Ventures और अमेरिका की बड़ी निवेश कंपनी Blackstone भी शामिल है। इस बड़ी डील के बाद RCB अब एक ग्लोबल स्पोर्ट्स ब्रांड बनने की ओर और तेजी से बढ़ेगी।
आर्यमान बिड़ला होंगे चेयरमैन
आदित्य बिड़ला ग्रुप के डायरेक्टर आर्यमान विक्रम बिड़ला RCB के चेयरमैन होंगे, जबकि टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप के सत्यन गजवानी वाइस चेयरमैन की जिम्मेदारी संभालेंगे। नई मैनेजमेंट टीम का लक्ष्य RCB को दुनिया की सबसे बड़ी स्पोर्ट्स फ्रेंचाइजी में बदलना है।
आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा कि आईपीएल ने पिछले 20 सालों में भारतीय क्रिकेट की तस्वीर बदल दी है और RCB जैसी फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ना उनके लिए गर्व की बात है।
राजस्थान रॉयल्स भी बिकी थी महंगी
RCB से पहले राजस्थान रॉयल्स को भी बड़ी कीमत में खरीदा गया था। अमेरिका के कारोबारी कैल सोमानी के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम ने राजस्थान रॉयल्स को 1.63 बिलियन डॉलर (लगभग 15,290 करोड़ रुपये) में खरीदा था। इस कंसोर्टियम में वॉलमार्ट फैमिली के रॉब वॉल्टन और फोर्ड कंपनी से जुड़ी हैम्प फैमिली भी शामिल है।

