नितीश रेड्डी का रिप्लेसमेंट मिला, अनकैप्ड भारतीय को आयरलैंड और इंग्लैंड सीरीज के लिए टीम में मिली जगह
punjabkesari.in Tuesday, Jun 23, 2026 - 02:24 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली T20I सीरीज के लिए भारतीय टीम में चोटिल नितीश कुमार रेड्डी की जगह अनकैप्ड ऑलराउंडर सूर्यांश शेडगे को शामिल किया गया है। सूर्यांश ने हाल ही में इंडिया ए टीम में ट्रीई सीरीज के दौरान शानदार प्रदर्शन किया था लेकिन वह नेशनल टीम के लिए एक भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेले हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के एक आधिकारिक बयान में कहा गया, 'पुरुष चयन समिति ने आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी T20I सीरीज के लिए भारतीय टीम में नितीश कुमार रेड्डी की जगह सूर्यांश शेडगे को चुना है।'
अफगानिस्तान के खिलाफ 20 जून को तीसरे वनडे के बाद नितीश ने अपनी बाईं जांघ (क्वाड्रिसेप्स) में तकलीफ की शिकायत की थी। मेडिकल जांच के बाद BCCI की मेडिकल टीम ने उन्हें रिहैबिलिटेशन (ठीक होने की प्रक्रिया) की सलाह दी है जिसके कारण वे दोनों T20I सीरीज से बाहर हो गए हैं।
सूर्यांश को श्रीलंका में हाल ही में खत्म हुई ट्राई-सीरीज में इंडिया ए के लिए शानदार प्रदर्शन के बाद टीम में बुलाया गया है। मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हुए 23 वर्षीय खिलाड़ी ने 5 मैचों में 147 रन बनाए और कुल 23 ओवर फेंकते हुए 2 विकेट लिए। उन्होंने श्रीलंका ए के खिलाफ नाबाद 72 रन भी बनाए थे।
2024-25 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतने वाली मुंबई टीम के अहम खिलाड़ियों में से एक सूर्यांशने निचले मिडिल ऑर्डर में 251.92 के स्ट्राइक रेट से 131 रन बनाए और टीम को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई। हाल ही में पंजाब किंग्स (PBKS) के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में सूर्यांश ने 7 पारियों में 39.50 की औसत और 175.50 के स्ट्राइक रेट से 158 रन बनाए, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल था।
भारत को 26 और 28 जून को आयरलैंड में दो T20I मैच खेलने हैं, इसके बाद 1 जुलाई से इंग्लैंड में पांच मैचों की T20I सीरीज और फिर तीन वनडे मैच खेले जाएंगे। आयरलैंड के खिलाफ ये मैच इस साल की शुरुआत में वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारत की पहली T20I सीरीज होगी और इस फॉर्मेट में श्रेयस अय्यर टीम की कप्तानी करेंगे।

