पद्म श्री मिलने पर भावुक हुए रोहित शर्मा, बोले– देश को मैच जिताने की कोशिश हमेशा जारी रहेगी
punjabkesari.in Tuesday, Feb 03, 2026 - 02:14 PM (IST)
नई दिल्ली : पूर्व भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म श्री से नवाज़ा गया है। इस सम्मान को लेकर रोहित ने खुशी जताते हुए इसे अपने और अपने परिवार के लिए बेहद खास पल बताया और कहा कि भारत के लिए मैच और ट्रॉफी जीतने की उनकी कोशिश कभी नहीं रुकेगी।
रोहित ने जताया सरकार और समर्थकों का आभार
पद्म श्री मिलने के बाद रोहित शर्मा ने भारत सरकार और अपने पूरे क्रिकेट सफर में साथ देने वाले लोगों का धन्यवाद किया। दूरदर्शन स्पोर्ट्स द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किए गए वीडियो संदेश में रोहित ने कहा—
'पद्म श्री प्राप्त करना मेरे और मेरे परिवार के लिए बहुत ही खास पल है। मैं भारत सरकार का इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त करता हूं। अपने करियर में मेरा साथ देने वाले सभी लोगों का भी धन्यवाद। देश के लिए मैच और ट्रॉफी जीतने की मेरी कोशिश हमेशा जारी रहेगी। धन्यवाद। जय हिंद।'
2007 से शुरू हुआ सुनहरा अंतरराष्ट्रीय करियर
रोहित शर्मा ने वर्ष 2007 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। बीते करीब 19 वर्षों में उन्होंने बल्लेबाज और कप्तान दोनों रूपों में भारतीय क्रिकेट पर गहरी छाप छोड़ी है। सभी प्रारूपों में उनकी निरंतरता और नेतृत्व क्षमता की दुनियाभर में सराहना हुई है।
कप्तान के रूप में ऐतिहासिक उपलब्धियां
रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने वैश्विक मंच पर बड़ी सफलता हासिल की। टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर खिताब जीता और लंबे समय बाद ICC ट्रॉफी का सूखा खत्म किया। इसके बाद चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जीतकर रोहित ने खुद को एक सफल कप्तान के रूप में स्थापित किया।
बल्लेबाजी में भी रोहित का दबदबा
कप्तानी के अलावा रोहित शर्मा का बल्लेबाजी रिकॉर्ड भी शानदार रहा है— टेस्ट क्रिकेट: 67 मैच, 4300+ रन, 12 शतक; वनडे क्रिकेट: 282 मैच, 11,500+ रन, 33 शतक; टी20 इंटरनेशनल: 4231+ रन, 5 शतक, रोहित टी20 क्रिकेट के सबसे सफल बल्लेबाजों में गिने जाते हैं।
टेस्ट और टी20 से संन्यास, वनडे पर फोकस
रोहित शर्मा टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन वह अभी भी वनडे क्रिकेट में सक्रिय हैं। उनका लक्ष्य 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलने का है और वह लगातार टीम के लिए रन बना रहे हैं।

