रोहित शर्मा ने अपनी नई चमचमाती लेम्बोर्गिनी उरुस के लिए चुना ''3015'' नम्बर, वजह है बेहद खास

punjabkesari.in Monday, Aug 11, 2025 - 11:59 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय ओपनर और मौजूदा वनडे टीम के कप्तान रोहित शर्मा ने हाल ही में नई लेम्बोर्गिनी उरुस SE खरीदी है। रोहित की यह सुपर एसयूवी सूर्खियां बटौर रही है क्योंकि इस नई परफॉर्मेंस SUV के लिए रोहित ने '3015' रजिस्ट्रेशन नम्बर लिया है और इसके पीछे की वजह भी खास है। रोहित ने अपनी पुरानी नीली लेम्बोर्गिनी उरुस जिसकी नंबर प्लेट 264 थी उसे एक ड्रीम11 प्रतियोगिता के विजेता को उपहार में दी थी। 

PunjabKesari

रोहित द्वारा खरीदी गई लेम्बोर्गिनी उरुस SE की कीमत लगभग 4.57 करोड़ रुपए (एक्स-शोरूम) है। यह नया मॉडल उन्नत स्टाइलिंग, प्लग-इन हाइब्रिड इंजन के साथ आती है। यह SUV 800 हार्सपावर और 950 एनएम का टॉर्क पैदा करती है और मात्र 3.4 सेकंड में 0-100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ने में सक्षम है। 

नई लेम्बोर्गिनी उरुस के लिए क्यों चुना '3015' नम्बर 

रोहित ने '3015' नंबर चुनने का कारण बेहद खास है। यह नम्बर उनके बच्चों के जन्मदिन के आधार पर लिया गया है। रोहित की बेटी समायरा का जन्म 30 दिसंबर को हुआ था और उनके बेटे अहान का जन्म 15 नवंबर को हुआ था। इससे भी खास बात यह है कि जब इस नम्बर को जोड़ा जाता है तो यह 45 बनता है जो रोहित का जर्सी नम्बर भी है। 

गौर हो कि रोहित शर्मा ने टी20 विश्व कप जीतने के बाद टी20 फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था जबकि इंग्लैंड दौरे से पहले उन्होंने टेस्ट से संन्यास की घोषणा की थी। रोहित ने 159 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 32.05 की औसत से 5 शतक (टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में संयुक्त रूप से सर्वाधिक) और 32 अर्द्धशतकों और 140.89 के स्ट्राइक रेट के साथ 4,231 रन बनाए। वे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 200 छक्के लगाने वाले पहले खिलाड़ी भी बने।

टेस्ट करियर की शुरुआत में खासकर विदेशों में, उनका प्रदर्शन लगातार अच्छा नहीं रहा, लेकिन 2019 में उन्होंने सलामी बल्लेबाज के रूप में अपनी लय पकड़ी और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक दोहरे शतक (212) सहित तीन शतक बनाए। उन्होंने फरवरी 2022 से 7 मई, 2025 को इस प्रारूप से संन्यास लेने तक भारत की टेस्ट कप्तानी की। 2024-25 का सत्र चुनौतीपूर्ण रहा जिसमें न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में 0-3 से हार और ऑस्ट्रेलिया में 1-3 से हार शामिल है। उन्होंने 67 टेस्ट मैचों में 40.57 की औसत से 4,301 रन बनाए हैं जिसमें 12 शतक और 18 अर्द्धशतक शामिल हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News