IND vs AFG: दूसरे वनडे में अर्धशतक से चूके रोहित शर्मा ने 14 हजार लिस्ट-ए रन पूरे कर रचा इतिहास
punjabkesari.in Thursday, Jun 18, 2026 - 09:56 AM (IST)
लखनऊ: भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे में रोहित शर्मा ने 39 गेंदों पर 48 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। वह अपने 62वें वनडे अर्धशतक से सिर्फ दो रन दूर रह गए, लेकिन इस दौरान उन्होंने भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। रोहित अब लिस्ट-ए क्रिकेट (वनडे इंटरनेशनल, इंडिया ए और घरेलू वनडे) में 14,000 रन पूरे करने वाले भारत के पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं।
इन दिग्गजों की खास सूची में शामिल हुए रोहित
रोहित शर्मा से पहले सिर्फ चार भारतीय बल्लेबाज ही यह उपलब्धि हासिल कर पाए थे।
सचिन तेंदुलकर – 21,999 रन
विराट कोहली – 16,447 रन
सौरव गांगुली – 15,622 रन
राहुल द्रविड़ – 15,271 रन
रोहित शर्मा – 14,038 रन
रोहित ने यह मुकाम 345 लिस्ट-ए पारियों में हासिल किया है। इस दौरान उनका औसत लगभग 47 का रहा है। उन्होंने 37 शतक और 74 अर्धशतक भी लगाए हैं। वह लिस्ट-ए क्रिकेट में 14 हजार रन पूरे करने वाले दुनिया के 26वें बल्लेबाज भी बन गए हैं।
स्टीफन फ्लेमिंग को भी छोड़ा पीछे
रोहित शर्मा ने अपनी इस पारी के दम पर न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग को भी पीछे छोड़ दिया। फ्लेमिंग के नाम लिस्ट-ए क्रिकेट में 14,019 रन दर्ज हैं, जबकि रोहित अब 14,038 रन तक पहुंच चुके हैं। इस सूची में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ग्राहम गूच 22,111 रनों के साथ शीर्ष पर हैं।
राशिद खान ने खत्म की तूफानी पारी
अफगानिस्तान के कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। यशस्वी जायसवाल जल्दी आउट हो गए, जिसके बाद रोहित शर्मा ने कप्तान शुभमन गिल के साथ पारी को संभाला। रोहित ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। उन्होंने तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम सफी के एक ओवर में लगातार दो छक्के जड़कर अपना इरादा साफ कर दिया।
हालांकि 14वें ओवर में राशिद खान की शानदार गूगली को पढ़ने में वह चूक गए। गेंद बल्ले का अंदरूनी किनारा लेते हुए सीधे स्टंप्स से जा टकराई। रोहित ने 39 गेंदों में 48 रन बनाए, जिसमें छह चौके और दो छक्के शामिल रहे। उन्होंने शुभमन गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन की अहम साझेदारी भी की।
गिल और ईशान किशन ने अफगानिस्तान पर बरपाया कहर
रोहित के आउट होने के बाद शुभमन गिल और ईशान किशन ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। दोनों बल्लेबाजों ने शानदार शतक लगाए और तीसरे विकेट के लिए 224 रनों की विशाल साझेदारी की।
ईशान किशन को इस मुकाबले में श्रेयस अय्यर से पहले बल्लेबाजी के लिए भेजा गया और उन्होंने इस फैसले को पूरी तरह सही साबित किया। ईशान ने सिर्फ 79 गेंदों में 125 रन बनाए, जिसमें 14 चौके और सात छक्के शामिल रहे। यह उनका चार साल बाद पहला वनडे शतक रहा। वहीं शुभमन गिल ने भी शतकीय पारी खेलते हुए भारत को विशाल स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

