प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रशंसा पत्र पाकर रूपिंदर पाल खुश, कही यह बात
punjabkesari.in Saturday, Oct 23, 2021 - 01:57 PM (IST)

नई दिल्ली : ओलंपिक कांस्य पदक विजेता हॉकी खिलाड़ी रूपिंदर पाल सिंह ने शनिवार को कहा कि संन्यास लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिली प्रशंसा से वह अभिभूत हैं और उन्होंने खेलों के लिए उनके जुनून से प्रेरित होकर खेल को कुछ वापस देने का संकल्प लिया है। रूपिंदर ने मोदी ने प्रधानमंत्री कार्यालय और खेल मंत्री अनुराग ठाकुर को टैग करते हुए शनिवार को ट्वीट किया कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का यह पत्र पाकर अभिभूत हूं।
एथलीटों को उनके निरंतर समर्थन ने हमें तोक्यो 2020 में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया है। महोदय, मैं खेल के प्रति आपके जुनून और भारतीय खेलों में अपना योगदान जारी रखने की प्रतिज्ञा से प्रेरित हूं। इस स्टार ड्रैग फ्लिकर ने 30 सितंबर को खेल से संन्यास की घोषणा की थी। मोदी ने इसके इस महीने की शुरुआत में रूपिंदर को भारतीय हॉकी के लिए उनकी सेवाओं के लिए धन्यवाद देते हुए एक पत्र भेजा था। तोक्यो ओलंपिक में भारतीय टीम के कांस्य पदक जीतने में अहम भूमिका निभाने वाले रूपिंदर ने टीम में युवाओं को मौका देने के लिए संन्यास की घोषणा की थी।
मोदी ने रूपिंदर को भेजे प्रशंसा पत्र में कहा कि रुपिंदर पिछले एक दशक से भारतीय हॉकी के लिए प्रेरणा स्रोत रहे हैं और उन्होंने देश में इस खेल को फिर से लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। मोदी ने 12 अक्टूबर को भेजे अपने पत्र में लिखा कि आपने भारतीय हॉकी के लिए जो कुछ किया है उसके लिए मैं आपको व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद देना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि मैं कहना चाहूंगा कि मैदान पर आपका जादुई खेल भारत के लोगों की शानदार यादों में होगा।
Overwhelmed to receive this letter from our Hon'ble PM @narendramodi ji. His constant support to athletes has motivated us to do our best at Tokyo2020. Sir, I am inspired by your passion for sport and pledge to continue my contribution to Indian sports. @PMOIndia @ianuragthakur pic.twitter.com/ZtPI7WRlv4
— Rupinder Pal Singh (@rupinderbob3) October 23, 2021
उन्होंने कहा कि आप भारतीय हॉकी टीम के लिए मजबूती के स्रोत रहे हैं और 2010 से भारत द्वारा जीते गए हर बड़े टूर्नामेंट के अभिन्न अंग रहे हैं, जैसे एशियाई पुरुष हॉकी चैंपियनशिप, पुरुष हॉकी एशिया कप, राष्ट्रमंडल खेल, हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल और बहुत कुछ। तोक्यो ओलंपिक में आपका प्रदर्शन टीम की ऐतिहासिक सफलता के लिए महत्वपूर्ण था। उन्होंने तोक्यो के कांस्य पदक को भारतीय हॉकी का ‘ऐतिहसिक क्षण' करार दिया।
प्रधानमंत्री कहा कि इस पदक का असर सिर्फ ओलंपिक तक ही सीमित नहीं रहेगा। यह भारत हॉकी के पुनर्जन्म में योगदान देगा। मोदी ने रूपिंदर से अगस्त 2023 तक पूरे भारत के विभिन्न स्कूलों में जाकर अमृत महोत्सव में अपनी भूमिका निभाने का अनुरोध किया और कुपोषण को समाप्त करने के साथ-साथ खेलों को लोकप्रिय बनाने के तरीकों पर युवाओं के साथ बातचीत करने की सलाह दी। मोदी ने लिखा कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक महान सेवा होगी।