T20 WC 2026: जीता हुआ मैच हार गया अफगानिस्तान, दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने मारी बाजी

punjabkesari.in Wednesday, Feb 11, 2026 - 04:03 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के 13वें मैच में अफगानिस्तान ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीता हुआ मैच गंवा दिया। दरअसल, साउथ अफ्रीका के खिलाफ 188 रनों का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान को आखिरी ओवर में जीत के लिए 13 रन चाहिए थे, लेकिन मैच टाई हो गया। इसके बाद सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने 17 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीका ने ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर मैच टाई कर दिया। फिर दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने 23 रन बना दिए। जवाब में अफगानिस्तान 19 रन ही बना सका और एक रोमांचक मुकाबला हार गया। 

इससे पहले यान रिकेल्टन और क्विंटन डीकॉक के अर्धशतकों और इन दोनों के बीच शतकीय साझेदारी की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद 6  विकेट पर 187 रन बनाए। रिकेल्टन ने 28 गेंद पर 61 रन की तूफानी पारी खेली जिसमें पांच चौके और चार छक्के शामिल हैं। क्विंटन डीकॉक ने 41 गेंद पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 59 रन बनाए।

कप्तान एडन मार्क्रम (05) के जल्दी आउट होने के बाद इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 114 रन की साझेदारी की। रिकेल्टन और डीकॉक के अलावा डेवाल्ड ब्रेविस ने 23, डेविड मिलर ने नाबाद 20 और मार्को यानसन ने 16 रन का योगदार दिया। अफगानिस्तान की तरफ से अजमतुल्लाह उमरजई सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 41 रन देकर तीन और कप्तान राशिद खान ने 28 रन देकर दो विकेट लिए। फजलहक फारुकी ने 32 रन देकर एक विकेट लिया। दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने मार्क्रम का विकेट जल्दी गंवा दिया जिन्हें फारुकी ने एक बेहतरीन चेंज-अप गेंद से चकमा दिया। गेंद बल्लेबाज के बल्ले का बाहरी किनारा लेकर हवा में उछल गई और मोहम्मद नबी ने मिड-ऑफ पर आसान कैच लपक लिया। डीकॉक ने चौथे ओवर में मुजीब उर रहमान की गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया और फिर अगली ही गेंद पर बैकवर्ड पॉइंट में चौका जड़ा। रिकेल्टन ने भी उमरजई पर दो चौके लगाए।

दक्षिण अफ्रीका ने पावरप्ले में एक विकेट पर 43 रन बनाए। इसके बाद डीकॉक और रिकेल्टन दोनों ने तेजी दिखाई तथा नबी और राशिद की स्पिन जोड़ी पर कुछ मनचाहे चौके और छक्के बटोरे। न्यूजीलैंड के खिलाफ पिछले मैच में नहीं खेलने वाले स्पिनर नूर अहमद ने अपने पहले ओवर में 23 रन लुटा दिए। जहां डीकॉक ने लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का लगाकर अहमद का स्वागत किया, वहीं रिकेल्टन ने उनकी गेंद को मिडविकेट के ऊपर से स्वीप किया और कवर पर दो चौके लगाए। इससे दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 10 ओवर के बाद एक विकेट पर 98 रन पर पहुंच गया। डीकॉक ने मुजीब की गेंद पर मिडविकेट पर चौका लगाकर टी20 विश्व कप में अपना पांचवां अर्धशतक पूरा किया और फिर रिकेल्टन ने इसी गेंदबाज पर छक्का लगाकर केवल 23 गेंदों में अर्धशतक बनाया। राशिद ने हालांकि इन दोनों बल्लेबाजों को 13वें ओवर में तीन गेंद के अंदर पवेलियन भेज दिया। राशिद ने सबसे पहले डीकॉक को आउट किया, जिन्हें डीप मिडविकेट पर इब्राहिम जादरान ने कैच किया। इसके तुरंत बाद उन्होंने रिकेल्टन को पगबाधा आउट किया। ब्रेविस अपनी अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए जबकि ट्रिस्टन स्टब्स केवल एक रन ही बना सके। मिलर और यानसन ने दक्षिण अफ्रीका को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। 

188 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने रहमानुल्ला गुरबाज (84 रन) की आक्रामक पारी के दम पर मैच में अपनी पकड़ बनाए रखी। आखिरी ओवर में अफगानिस्तान को जीत के लिए 15 रनों की दरकार थी। रोमांच तब बढ़ा जब अजमतुल्लाह उमरजई ने लुंगी एनगिडी के ओवर में बड़े शॉट लगाए, लेकिन बाउंड्री लाइन पर ट्रिस्टन स्टब्स के उस 'मिरेकल कैच' (जो सूर्यकुमार यादव के 2024 कैच जैसा था) ने मैच का रुख पलट दिय। अंतिम 3 गेंदों पर अफगानिस्तान को 2 रनों की जरूरत थी, लेकिन बल्लेबाज केवल 1 रन ही बना सका और स्कोर 187-187 पर टाई हो गया। अंतत दूसरे सुपर ओवर में मैच का फैसला आया और दक्षिण अफ्रीका ने रोमानचक मुकाबला जीत लिया।

प्लेइंग XI

अफगानिस्तान : रहमानुल्लाह गुरबाज़ (डब्ल्यू), इब्राहिम जादरान, गुलबदीन नाइब, सेदिकुल्लाह अटल, दरविश रसूली, अजमतुल्लाह उमरजई, मोहम्मद नबी, राशिद खान (सी), मुजीब उर रहमान, नूर अहमद, फजलहक फारूकी

दक्षिण अफ्रीका : एडेन मार्कराम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को जानसेन, जॉर्ज लिंडे, कागीसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News