IND vs SL: सारांश जैन ने रचा इतिहास, भारत के लिए सबसे उम्रदराज टेस्ट डेब्यूटेंट बने

punjabkesari.in Sunday, Aug 23, 2026 - 10:52 AM (IST)

कोलंबो: भारत और श्रीलंका के बीच कोलंबो में दूसरे टेस्ट के साथ 33 वर्षीय सारांश जैन का लंबा इंतजार खत्म हो गया। मध्य प्रदेश के इस ऑलराउंडर ने आखिरकार भारतीय टेस्ट टीम के लिए डेब्यू किया। दिग्गज ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने उन्हें डेब्यू कैप सौंपी। इसके साथ ही सारांश ने 21वीं सदी में भारत के सबसे उम्रदराज टेस्ट डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया।

33 साल की उम्र में रचा इतिहास

सारांश जैन ने 33 साल और 145 दिन की उम्र में भारत के लिए टेस्ट डेब्यू किया। वह 21वीं सदी में भारत के सबसे उम्रदराज टेस्ट डेब्यू करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड विकेटकीपर बल्लेबाज सबा करीम के नाम था, जिन्होंने साल 2000 में बांग्लादेश के खिलाफ ढाका टेस्ट में 32 साल और 362 दिन की उम्र में डेब्यू किया था।

सारांश को भारत की प्लेइंग इलेवन में कुलदीप यादव की जगह मौका मिला। कुलदीप संक्रमण के कारण दूसरे टेस्ट की अंतिम एकादश से बाहर हो गए, जिसके बाद टीम प्रबंधन ने अनुभवी सारांश पर भरोसा जताया।

वॉशिंगटन सुंदर की चोट के बाद मिला था टीम में मौका

दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर और बाएं हाथ के बल्लेबाज सारांश जैन को श्रीलंका दौरे के लिए पहली बार टेस्ट टीम में तब शामिल किया गया था, जब वॉशिंगटन सुंदर चोटिल हो गए थे। हालांकि सारांश का मानना था कि घरेलू क्रिकेट में उनके लंबे और लगातार शानदार प्रदर्शन ने उन्हें पहले ही राष्ट्रीय चयन की दौड़ में बनाए रखा था।

चयन पर सारांश ने क्या कहा था?

टीम इंडिया में चयन के बाद सारांश जैन ने घरेलू क्रिकेट के महत्व को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि उनका चयन इस बात का उदाहरण है कि केवल आईपीएल ही भारतीय टीम में जगह बनाने का पैमाना नहीं है। सारांश ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा था, 'मेरा चयन दिखाता है कि सिर्फ आईपीएल ही टीम में जगह बनाने का पैमाना नहीं है। यह घरेलू क्रिकेट में मेरी कड़ी मेहनत का नतीजा है। मुझ पर भरोसा दिखाने के लिए मैं चयनकर्ताओं का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं।'

इंडिया ए दौरे ने बढ़ाया आत्मविश्वास

टेस्ट डेब्यू से पहले सारांश जैन ने इंडिया ए के लिए शानदार प्रदर्शन कर अपनी दावेदारी मजबूत की थी। जून और जुलाई में श्रीलंका में खेले गए दो अनऑफिशियल टेस्ट मैचों में उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। पहले मुकाबले में शांत रहने के बाद उन्होंने दूसरे मैच में दमदार वापसी की। सारांश ने दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में छह विकेट लेने के साथ नाबाद 70 रन भी बनाए थे। इस मैच जिताऊ प्रदर्शन ने उन्हें राष्ट्रीय टीम के दरवाजे तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

‘छह विकेट और 70 रन ने दिया आत्मविश्वास’

सारांश जैन ने इंडिया ए दौरे को अपने करियर का अहम मोड़ बताया था। उन्होंने कहा था, 'हाल ही में खत्म हुए इंडिया ए के श्रीलंका दौरे पर मैंने छह विकेट लिए और नाबाद 70 रन बनाए, जिससे मेरा आत्मविश्वास काफी बढ़ा। दो साल पहले ईरानी ट्रॉफी में मुंबई के खिलाफ लिया गया छह विकेट का स्पेल भी मेरे करियर का महत्वपूर्ण पड़ाव था।'

रणजी ट्रॉफी में बल्ले और गेंद दोनों से कमाल

2025-26 रणजी ट्रॉफी सीजन में सारांश जैन मध्य प्रदेश के सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल रहे। उन्होंने सात मैचों में 57.55 की शानदार औसत से 518 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और तीन अर्धशतक निकले। गेंदबाजी में भी उन्होंने दमदार प्रदर्शन किया और 20.43 की औसत से 30 विकेट अपने नाम किए। वह मध्य प्रदेश के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में कुमार कार्तिकेय के बाद दूसरे स्थान पर रहे, जिन्होंने 35 विकेट लिए थे। सारांश के लगातार ऑलराउंड प्रदर्शन ने आखिरकार उन्हें भारतीय टेस्ट टीम में जगह दिला दी।

प्लेइंग 11

भारत: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, सारांश जैन, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।

श्रीलंका: लाहिरू उदारा, कमिल मिशारा, पासिंदु सूर्यबंदारा, कामिंदु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुषा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशारा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News