रणजी ट्रॉफी: शमी के 3 विकेट, जम्मू कश्मीर को पहली पारी की बढ़त के लिए 131 रन की जरूरत
punjabkesari.in Monday, Feb 16, 2026 - 07:16 PM (IST)
कल्याणी : मोहम्मद शमी के तीन विकेट के बावजूद जम्मू कश्मीर ने बंगाल के खिलाफ रणजी ट्रॉफी सेमीफाइनल के दूसरे दिन सोमवार को 5 विकेट पर 198 रन बना लिए जिससे मुकाबला अभी भी बराबरी का है। बंगाल ने 5 विकेट पर 249 रन से आगे खेलते हुए पहली पारी में 328 रन बनाए। जम्मू कश्मीर के लिए आकिब नबी ने 26 ओवरों में 87 रन देकर पांच विकेट लिए। इस रणजी सत्र में उनके 50 विकेट पूरे हो गए हैं।
बंगाल के लिए फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज सुदीप कुमार घरामी कल के स्कोर में दस रन और जोड़कर 146 रन पर आउट हो गए। अनुभवी सुमंता गुप्ता ने 36 गेंद में 39 रन बनाए। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सुनील कुमार ने 20 ओवरों में 41 रन देकर तीन विकेट लिए। जम्मू कश्मीर की पारी में भारत के पूर्व गेंदबाज शमी ने बंगाल के लिये शानदार पहला स्पैल डाला। उन्होंने सलामी बल्लेबाज शुभमन खजूरिया (तीन) और ताविर हुसैन (दो ) को पगबाधा आउट किया जबकि शुभम पुंडीर ने मुकेश कुमार की गेंद पर स्लिप में सुदीप चटर्जी को कैच थमाया।
तीन विकेट 13 रन पर गिरने के बाद जम्मू कश्मीर के लिये अनुभवी कप्तान पारस डोगरा ने 112 गेंद में 58 रन बनाए और युवा आईपीएल स्टार अब्दुल समद ने 85 गेंद में 82 रन की पारी खेली। डोगरा ने रणजी ट्रॉफी में 10,000 रन भी पूरे कर लिए।

