IND vs IRE: हार के बीच शिवम दुबे का धमाका, सबसे तेज 1000 रन पूरे करने वाले तीसरे बल्लेबाज बने

punjabkesari.in Saturday, Jun 27, 2026 - 12:32 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : बेलफास्ट में खेले गए पहले टी20 में भारत 183 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 148 रन पर सिमट गया। हालांकि निचले क्रम में उतरे शिवम दुबे ने सिर्फ 14 गेंदों में 25 रन की तेज पारी खेलकर मैच में संघर्ष जरूर दिखाया।

इसी पारी के दौरान उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में 1000 रन भी पूरे कर लिए। खास बात यह रही कि उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 648 गेंदों में हासिल की, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा तीसरा सबसे तेज रिकॉर्ड है।

हार्दिक और संजू को छोड़ा पीछे

शिवम दुबे ने इस रिकॉर्ड के साथ हार्दिक पांड्या और संजू सैमसन को पीछे छोड़ दिया। दोनों बल्लेबाजों ने टी20I में 1000 रन पूरे करने के लिए 679-679 गेंदों का सामना किया था, जबकि दुबे ने यह मुकाम 648 गेंदों में हासिल कर लिया।

टी20I में सबसे कम गेंदों में 1000 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज

अभिषेक शर्मा — 528 गेंद
सूर्यकुमार यादव — 573 गेंद
शिवम दुबे — 648 गेंद
संजू सैमसन — 679 गेंद
हार्दिक पांड्या — 679 गेंद

यह उपलब्धि और भी खास इसलिए मानी जा रही है क्योंकि दुबे अधिकांश समय मध्य और निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हैं।

भारत की बल्लेबाजी रही पूरी तरह फ्लॉप

183 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी रही और अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया। लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे।

संजू सैमसन 5 रन, ईशान किशन 1 रन और कप्तान श्रेयस अय्यर सिर्फ 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उपकप्तान तिलक वर्मा भी 21 गेंदों में 19 रन ही बना सके, जबकि वॉशिंगटन सुंदर 9 रन बनाकर आउट हुए।

दुबे ने 25 रन की तेज पारी खेलकर मुकाबले में वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन आयरलैंड के गेंदबाजों ने भारतीय बल्लेबाजों को लगातार दबाव में रखा और टीम 148 रन पर ऑलआउट हो गई।

अब सीरीज बचाने की चुनौती

पहले मुकाबले में हार के बाद भारत दो मैचों की सीरीज में 0-1 से पीछे हो गया है। अब श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम के सामने दूसरा टी20 जीतकर सीरीज बराबर करने की चुनौती होगी।

दूसरा मुकाबला 28 जून को बेलफास्ट के स्टॉर्मॉन्ट क्रिकेट ग्राउंड में भारतीय समयानुसार शाम 6:00 बजे खेला जाएगा। इंग्लैंड दौरे से पहले टीम इंडिया इस मुकाबले में जीत के साथ आत्मविश्वास हासिल करना चाहेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News