IND vs ZIM: ''श्रेयस भाई बॉलर के कप्तान हैं'', डेब्यू करने वाले यश ठाकुर ने कप्तान की जमकर की तारीफ

punjabkesari.in Saturday, Jul 25, 2026 - 02:50 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय तेज गेंदबाज यश ठाकुर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान कप्तान श्रेयस अय्यर की कप्तानी की खुलकर तारीफ की है। टीम इंडिया में डेब्यू करने वाले यश का कहना है कि अय्यर एक ऐसे कप्तान हैं जो गेंदबाजों पर पूरा भरोसा करते हैं और उन्हें अपनी योजना के अनुसार गेंदबाजी करने की पूरी आजादी देते हैं। उन्होंने अय्यर को 'बॉलर का कप्तान' तक बताया।

जियोस्टार से बातचीत में यश ठाकुर ने कहा कि वह पहले भी आईपीएल में श्रेयस अय्यर की कप्तानी में खेल चुके हैं, इसलिए दोनों के बीच अच्छी समझ है। यही वजह है कि भारतीय टीम में आने के बाद भी उन्हें कप्तान के साथ तालमेल बैठाने में कोई दिक्कत नहीं हुई।

श्रेयस को मेरी ताकत पता है

यश ठाकुर ने कहा कि श्रेयस अय्यर अच्छी तरह जानते हैं कि वह किस फेज में सबसे ज्यादा प्रभावी गेंदबाजी कर सकते हैं। उन्होंने कहा, 'श्रेयस भाई मेरी ताकत जानते हैं। उन्हें पता है कि मैं पावरप्ले, मिडिल ओवर या डेथ ओवर में कहां टीम के लिए ज्यादा उपयोगी साबित हो सकता हूं।'

'कप्तान भरोसा करे तो आत्मविश्वास बढ़ जाता है'

यश के मुताबिक, किसी भी गेंदबाज के लिए कप्तान का भरोसा सबसे बड़ी ताकत होता है। उन्होंने कहा, 'जब आपका कप्तान आपकी क्षमता पर भरोसा करता है तो मैदान पर आत्मविश्वास अपने आप बढ़ जाता है।'

'दबाव में भी शांत रहते हैं श्रेयस'

युवा तेज गेंदबाज ने अय्यर की कप्तानी की सबसे बड़ी खासियत उनकी शांत सोच को बताया। यश ने कहा, 'चाहे गेंदबाज रन खा रहे हों, अच्छा प्रदर्शन कर रहे हों या मैच दबाव में हो, श्रेयस भाई कभी अपना धैर्य नहीं खोते। वह हमेशा शांत रहते हैं।'

'पहले गेंदबाज की राय लेते हैं, फिर अपनी सलाह देते हैं'

यश ठाकुर ने बताया कि श्रेयस अय्यर मैदान पर अपने गेंदबाजों पर फैसले नहीं थोपते, बल्कि पहले उनकी योजना जानना पसंद करते हैं। उन्होंने कहा, 'वह सीधे गेंदबाज के पास आकर पूछते हैं कि तुम्हारा प्लान क्या है? तुम्हारे हिसाब से क्या करना चाहिए? पहले हमारी बात सुनते हैं और फिर अपनी सलाह देते हैं। यही चीज उन्हें अलग बनाती है। मेरे लिए वह बॉलर के कप्तान हैं, क्योंकि वह गेंदबाजों को पूरी आजादी देते हैं।'


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News