अभिषेक शर्मा पर था सभी का ध्यान, वहीं श्रेयस अय्यर ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले T20I में हासिल की बड़ी उपलब्धि
punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 02:54 PM (IST)
चेस्टर-ले-स्ट्रीट : इंग्लैंड के खिलाफ वर्षा प्रभावित पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में अभिषेक शर्मा ने 100 सिक्सर पूरे किए और सभी का ध्यान अपनी तरफ खींचा। इतना ही नहीं अपनी इस पारी के दौरान अभिषेक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदों के हिसाब से सबसे तेज 1500 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज भी बन गए। उन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 785 गेंदों में हासिल की। लेकिन इस दौरान भारतीय मिडिल-ऑर्डर बैटर और T20I कप्तान श्रेयस अय्यर की तरफ किसी का ध्यान नहीं गया जिन्होंने 5000 इंटरनेशनल रन पूरे कर लिए हैं।
अय्यर ने चेस्टर-ले-स्ट्रीट में इंग्लैंड के खिलाफ अपनी टीम के पहले T20I मैच के दौरान हासिल की। उन्होंने 47 गेंदों में 68 रन बनाए जिसमें छह चौके और एक छक्का शामिल था और उनका स्ट्राइक रेट 144 से ज्यादा रहा। भारत के लिए 147 मैचों में अय्यर ने 39.61 की औसत और 96.06 के स्ट्राइक रेट से 5,031 रन बनाए हैं। इसमें 6 शतक और 37 अर्धशतक शामिल हैं और उनका बेस्ट स्कोर 128* रहा है। भारत के लिए 14 टेस्ट मैचों में अय्यर ने 24 पारियों में 36.86 की औसत से 811 रन बनाए हैं जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं और उनका बेस्ट स्कोर 105 रहा है।
अय्यर ने 79 वनडे मैचों में 73 पारियों में 45.98 की औसत से 3,035 रन बनाए हैं। इसमें पांच शतक और 23 अर्धशतक शामिल हैं और उन्होंने 98.60 के स्ट्राइक रेट से बैटिंग की है, जिसमें उनका बेस्ट स्कोर 128* रहा है। उन्होंने 54 T20I मैचों की 50 पारियों में 30.38 की औसत से 1,184 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 135 से ज्यादा रहा है और उन्होंने 9 अर्धशतक लगाए हैं, जिसमें उनका बेस्ट स्कोर 74* रहा है।

