IND vs ZIM: कप्तान के तौर पर श्रेयस अय्यर ने जीती पहली टी20I सीरीज, मुख्य कोच को दिया जीत का श्रेय

punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 04:55 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर शानदार वापसी की। इस जीत के साथ कप्तान श्रेयस अय्यर ने टी20 कप्तान के तौर पर अपनी पहली सीरीज जीत दर्ज की। सीरीज खत्म होने के बाद अय्यर ने टीम के अंतरिम मुख्य कोच वीवीएस लक्ष्मण की जमकर तारीफ की और कहा कि उनकी प्रेरणा, अनुभव और खिलाड़ियों को संभालने का तरीका इस सफलता की बड़ी वजह रहा।

श्रेयस अय्यर ने वीवीएस लक्ष्मण को दिया जीत का श्रेय

जिम्बाब्वे दौरे पर मुख्य कोच गौतम गंभीर की गैरमौजूदगी में वीवीएस लक्ष्मण ने भारतीय टीम की कमान संभाली। सीरीज जीतने के बाद बीसीसीआई द्वारा शेयर किए गए ड्रेसिंग रूम वीडियो में श्रेयस अय्यर ने लक्ष्मण के योगदान को विशेष बताया। अय्यर ने कहा, 'मुझे लगता है कि पूरी सीरीज में हमारी टीम लगभग बेदाग रही। अगर कुछ कमी रही तो सिर्फ कुछ कैच छूटे। इसके अलावा खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ सभी ने शानदार प्रदर्शन किया।'

'VVS सर की हर बात मैदान पर सही साबित हुई'

भारतीय कप्तान ने कहा कि लक्ष्मण की हर सलाह खिलाड़ियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हुई और टीम मैदान पर उसे अमल में लाने में सफल रही। श्रेयस अय्यर ने कहा, 'VVS सर, हमें लगातार मोटिवेट करने और प्रेरित करने के लिए आपका धन्यवाद। हर दिन जब हम मैदान पर उतरते थे, आपने जो बातें कहीं, वे बिल्कुल सही साबित हुईं। हम हर स्थिति से खुद को जोड़ पाए। आपका बहुत-बहुत शुक्रिया।'

पहली बार टी20 कप्तान के रूप में जीती सीरीज

श्रेयस अय्यर के लिए यह सीरीज बेहद खास रही। इससे पहले आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम को निराशा हाथ लगी थी, लेकिन जिम्बाब्वे में युवा खिलाड़ियों के दम पर भारत ने तीनों मुकाबले जीतकर शानदार अंदाज में वापसी की। इस दौरे में कई वरिष्ठ खिलाड़ी उपलब्ध नहीं थे। संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और हर्षित राणा जैसे खिलाड़ी टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन इसके बावजूद युवा टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।

वैभव सूर्यवंशी बने सीरीज के सबसे बड़े स्टार

भारत की जीत में सबसे बड़ा योगदान युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का रहा। उन्होंने तीन मैचों में शानदार बल्लेबाजी करते हुए प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में उनकी 49 गेंदों में 81 रन की पारी ने भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया और टीम ने 35 रन से जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम कर ली।

क्यों बने वीवीएस लक्ष्मण अंतरिम कोच?

वीवीएस लक्ष्मण फिलहाल बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) के प्रमुख हैं। जिम्बाब्वे दौरे पर नियमित मुख्य कोच गौतम गंभीर उपलब्ध नहीं थे, इसलिए लक्ष्मण ने अंतरिम मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभाली। उनके मार्गदर्शन में भारत ने पूरी सीरीज में दबदबा बनाए रखा और क्लीन स्वीप दर्ज किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News