सिंगापुर तैराकी : नटराज, आंब्रे और गौड़ा को स्वर्ण

punjabkesari.in Thursday, Jun 23, 2022 - 11:19 PM (IST)

सिंगापुर : टोक्यो ओलिम्पिक में हिस्सा लेने वाले श्रीहरि नटराज और माना पटेल ने सिंगापुर राष्ट्रीय तैराकी चैंपियनशिप में क्रमश: स्वर्ण और रजत पदक जीते जबकि भारत ने पहले दिन पांच पदक अपनी झोली में डाले। प्रतिभावान तैराक मिहिर आंब्रे ने 50 मीटर बटरफ्लाई जबकि अनीष गौड़ा ने 800 मीटर फ्रीस्टाइल का खिताब जीता। 
राष्ट्रमंडल खेलों से पहले इस तैयारी प्रतियोगिता के पहले दिन भारत ने तीन स्वर्ण पदक जीते। शिवा श्रीधर ने 100 मीटर बैकस्ट्रोक में 57.58 सेकेंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया जिससे भारत ने गुरुवार को तीन स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक से कुल पांच पदक जीते। 
ओलंपिक मानक समय हासिल करने वाले सबसे युवा भारतीय तैराक नटराज ने 100 मीटर बैकस्ट्रोक में 55.32 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। महिला 100 मीटर बैकस्ट्रोक में माना ने एक मिनट 4.47 सेकेंड के समय के साथ रजत पदक जीता। आंब्रे ने 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में 24.66 सेकेंड का निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया जबकि गौड़ा ने 800 मीटर फ्रीस्टाइल में आठ मिनट 14.08 सेकेंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Recommended News

Related News