बिहार में अब खेल प्राथमिकता बन गए हैं : ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा

punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 07:12 PM (IST)

पटना : ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अभिनव बिंद्रा ने रविवार को कहा कि बिहार में अब खेल प्राथमिकता बन गए हैं और उन्होंने प्रदेश में बुनियादी ढांचा बनाने के लिए राज्य सरकार की तारीफ की। प्रदेश सरकार और स्पोटर्स स्टार द्वारा आयोजित बिहार खेल कांक्लेव से इतर पत्रकारों से बातचीत में बिंद्रा ने कहा, 'बिहार में जिस तरह खेलों का विकास हो रहा है, वह काबिले तारीफ है। बिहार की खेलमंत्री (श्रेयसी सिंह) निशानेबाजी में मेरी साथी थी। वह खेलों के विकास के लिये प्रतिबद्ध है।' 

बीजिंग ओलंपिक 2008 में 10 मीटर एयर राइफल में स्वर्ण पदक जीतने वाले बिंद्रा ओलंपिक की व्यक्तिगत स्पर्धा में पीला तमगा जीतने वाले पहले भारतीय हैं। उन्होंने कहा, 'मुझे यह देखकर खुशी हो रही है कि बिहार में अब खेल प्राथमिकता बन गए हैं। मैं प्रदेश में और देश में खेलों के विकास के सफर के लिए सभी को शुभकामना देता हूं।' 

केंद्रीय खेल और युवा कार्य राज्यमंत्री रक्षा खडसे ने कहा, 'पिछले पांच छह साल में बिहार में खेलों के क्षेत्र में हुआ विकास कोई छोटी उपलब्धि नहीं है। प्रदेश सरकार ने मनरेगा योजना की मदद से ग्रामीण इलाकों में छोटे मैदान और स्टेडियम बनाए। उससे सीखते हुए हमने वीबी जी राम जी अधिनियम के तहत देश भर में उसी तर्ज पर स्टेडियम और छोटे मैदान बनाने के लिए बजटीय आवंटन किया है।' 

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों को खेलों के विकास के लिये मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा, 'खेल राज्य का विषय है और केंद्र सक्रिय रूप से पूरा साथ दे रहा है। खेलो भारत मिशन के तहत प्रदेशों से मशविरा करके खेलों के पूरे इकोसिस्टम में बदलाव किया जा रहा है।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News