स्टीफन फ्लेमिंग बन सकते हैं इंग्लैंड के नए टेस्ट कोच, रिपोर्ट में सामने आई जानकारी
punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 01:21 PM (IST)
लंदन : न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग इंग्लैंड के नए टेस्ट कोच बनने के लिए सबसे आगे चल रहे हैं और एक हफ्ते के इंटरव्यू प्रोसेस के बाद उन्हें नियुक्त किया जा सकता है। द टेलीग्राफ UK ने एक रिपोर्ट में इस बात की जानकारी सामने आई है। फ्लेमिंग को अपने पूर्व न्यूजीलैंड टीम के साथी ब्रेंडन मैकुलम की जगह लेने के लिए पसंदीदा विकल्प माना जा रहा है, जिन्हें कप्तान बेन स्टोक्स के रिटायरमेंट के बाद इंग्लैंड के टेस्ट कोच के पद से हटा दिया गया था।
रिपोर्ट के अनुसार इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) 53 साल के फ्लेमिंग को नियुक्त करने के लिए उत्सुक है जिन्होंने न्यूजीलैंड के लिए 111 टेस्ट खेले हैं। हालांकि यह अभी साफ नहीं है कि वह तीन हफ्ते में हेडिंग्ले में शुरू होने वाली पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड की आने वाली तीन-टेस्ट सीरीज के लिए समय पर कार्यभार संभालेंगे या नहीं।
ECB पाकिस्तान सीरीज के लिए असिस्टेंट कोच मार्कस ट्रेस्कोथिक को अंतरिम आधार पर कार्यभार संभालने के लिए तैयार है, और नए टेस्ट कोच दिसंबर में इंग्लैंड के साउथ अफ्रीका दौरे से पहले कार्यभार संभाल सकते हैं। माना जा रहा है कि फ्लेमिंग को इंग्लिश कैंडिडेट रिचर्ड डॉसन और जोनाथन ट्रॉट के साथ-साथ ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच टॉम मूडी पर भी तरजीह दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक इंग्लैंड के पूर्व कोच एंडी फ्लावर को शुरू में फेवरेट माना जा रहा था, लेकिन अपनी फ्रेंचाइजी कमिटमेंट्स पर फोकस करने के लिए उन्होंने खुद को बाहर कर लिया।
फ्लेमिंग को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ कोचिंग का काफी अनुभव है, जहां उन्होंने पांच खिताब जीते है। उन्होंने मेजर लीग क्रिकेट और साउथ अफ्रीका की SA20 में फ्रेंचाइजी की टीमों के साथ भी काम किया। न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ने इस महीने की शुरुआत में मैकुलम को टेस्ट कोच के पद से हटाए जाने के तुरंत बाद CSK छोड़ दिया जिससे इंग्लैंड सेटअप में जाने का रास्ता साफ हो गया।
फ्लेमिंग और मैकुलम के बीच लंबे समय से रिश्ता है, वे न्यूजीलैंड के लिए एक साथ खेले हैं। मैकुलम ने फ्लेमिंग की कप्तानी में अपना टेस्ट डेब्यू किया और उन्हें अपना मेंटर मानते हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि फ्लेमिंग की टैक्टिकल समझ और मैन-मैनेजमेंट स्किल्स उन खूबियों में से हैं, जिनकी वजह से उन्हें पसंदीदा माना गया है, हालांकि उन्होंने कई सालों से रेड-बॉल क्रिकेट में कोचिंग नहीं दी है। उम्मीद है कि पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड की टीम की कमान पूर्व कप्तान जो रूट के हाथों में होगी जबकि लंबे समय तक कप्तानी का फैसला आने वाले टेस्ट कोच पर छोड़ा जा सकता है। हैरी ब्रूक को भी इस रोल के लिए संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है।

