USA के खिलाफ बल्लेबाजी कोलैप्स पर बोले सूर्या, गौतम गंभीर की सलाह से पलटा मैच
punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 11:32 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में भारत ने USA को 29 रन से हराया, लेकिन इस जीत के बावजूद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बल्लेबाजी यूनिट की कमियों को स्वीकार किया। सूर्या का मानना है कि टीम और बेहतर व समझदारी से बल्लेबाजी कर सकती थी।
मैच के बाद प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए सूर्या ने कहा, 'हम सब कुछ कालीन के नीचे नहीं छुपा सकते। जीत के बाद भी सीखने को बहुत कुछ मिलता है। हम और बेहतर, और स्मार्ट बल्लेबाजी कर सकते थे।'
77/6 पर संकट, सूर्या ने संभाली पारी
भारतीय टीम एक समय 77 रन पर 6 विकेट गंवा चुकी थी। मुश्किल हालात में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मोर्चा संभाला और 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन की शानदार पारी खेलकर टीम को 161 रन तक पहुंचाया।
पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में सूर्या ने दबाव को लेकर कहा, 'सिर्फ मैं ही बता सकता हूं कि उस समय कितना दबाव था, लेकिन मुझे भरोसा था कि अगर मैं अंत तक बल्लेबाजी करूंगा तो फर्क ला सकता हूं।'
वानखेड़े की पिच और चुनौतीपूर्ण हालात
सूर्या ने वानखेड़े की पिच को लेकर कहा कि दिन में धूप न निकलने के कारण पिच में नमी बनी रही, जिससे बल्लेबाजी आसान नहीं थी। 'यह 180-190 रन की पिच नहीं थी। ज्यादा से ज्यादा 140 रन वाली विकेट थी। क्यूरेटर ने पूरी कोशिश की, लेकिन धूप नहीं होने से पिच को ठीक तरह से रोल और वॉटर नहीं किया जा सका।'
बैटिंग संकट में गौतम गंभीर का अहम मैसेज
कप्तान सूर्या ने खुलासा किया कि जब टीम दबाव में थी, तब हेड कोच गौतम गंभीर ने उन्हें बेहद सटीक सलाह दी। '14 ओवर के बाद ब्रेक में गौतम भाई ने कहा—‘बस अंत तक टिके रहो, रन कभी भी बना सकते हो।’ वही बात मेरे दिमाग में थी।'
पिछले साल की सीख और नया आत्मविश्वास
अपनी बल्लेबाजी पर बात करते हुए सूर्या ने कहा कि वह लंबे समय से टीम के लिए पारी संभालने की भूमिका निभाना चाहते थे, लेकिन पहले ऐसा नहीं हो पा रहा था। 'पिछले साल मेरी आखिरी पारी के बाद मैंने किट बैग पैक किया, परिवार के साथ समय बिताया और नागपुर गया। उसके बाद सब कुछ अलग महसूस हुआ।'
घरेलू मैदान का अनुभव आया काम
वानखेड़े में पले-बढ़े सूर्या ने कहा कि इस मैदान पर खेलने का अनुभव उनके काफी काम आया। 'मैंने यहां बहुत क्रिकेट खेला है। 77/6 के बाद समझ आ गया था कि किसी एक बल्लेबाज को अंत तक टिकना होगा। मैं बस अच्छे शॉट खेलने की कोशिश कर रहा था।'
USA कप्तान मोनांक पटेल की प्रतिक्रिया
USA कप्तान मोनांक पटेल का मानना था कि इस पिच पर 130 रन का लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता था। उन्होंने कहा, 'पिच पढ़ना आसान नहीं था। पावरप्ले में उनकी गेंदबाजी में वैरिएशन था। हमने कैच छोड़े, जिसकी कीमत चुकानी पड़ी। एक समय लगा कि हम उन्हें 130 तक रोक सकते हैं।'

