टी20 वर्ल्ड कप: सूर्याकुमार यादव ने मानी गलती, SA के खिलाफ इस खिलाड़ी को ड्रॉप करना बड़ी गलती थी
punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 01:03 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारत के टी20 वर्ल्ड कप 2026 विजेता कप्तान सूर्याकुमार यादव ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में अक्षर पटेल को टीम से बाहर करने के फैसले के बाद उन्होंने उनसे माफी मांगी थी। सूर्याकुमार ने कहा कि अक्षर पटेल इस फैसले से नाराज थे, और उनका नाराज होना बिल्कुल जायज था। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था, जो अक्षर पटेल का होम ग्राउंड भी है।
अक्षर की जगह वॉशिंगटन सुंदर को मिला मौका
साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस मुकाबले में अक्षर पटेल की जगह वॉशिंगटन सुंदर को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया था।टीम मैनेजमेंट का मानना था कि सुंदर की गेंदबाजी लेफ्ट हैंड बल्लेबाजों के खिलाफ ज्यादा प्रभावी होगी। हालांकि यह फैसला भारत के लिए उल्टा साबित हुआ और टीम को 76 रन की बड़ी हार का सामना करना पड़ा। इस हार से भारत के नेट रन रेट (NRR) पर भी असर पड़ा था।
सूर्याकुमार ने बताया क्या हुई थी बातचीत
सूर्याकुमार यादव ने एक इंटरव्यू में बताया कि अक्षर पटेल इस फैसले से काफी नाराज थे और उन्होंने खुद अपनी गलती स्वीकार की। उन्होंने कहा: 'वह (अक्षर पटेल) बहुत गुस्से में थे और उन्हें गुस्सा होना भी चाहिए था। वह एक अनुभवी खिलाड़ी हैं और फ्रेंचाइजी टीम की कप्तानी भी करते हैं।'
सूर्या ने आगे कहा: 'मैंने उनसे माफी मांगी। मैंने कहा कि मुझसे गलती हो गई और मुझे इसका अफसोस है। लेकिन यह फैसला टीम के लिए लिया गया था। यह बातचीत आसान नहीं थी, लेकिन अगले दिन हमने इसे अच्छे से सुलझा लिया।'
टीम में वापसी के बाद अक्षर का प्रदर्शन
साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ अहम मुकाबले में अक्षर पटेल की टीम में वापसी हुई। जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने 4 ओवर में 35 रन देकर एक विकेट लिया। वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच में उन्होंने 4 ओवर में 35 रन दिए, हालांकि बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला क्योंकि संजू सैमसन की नाबाद 97 रन की पारी से भारत जीत गया। इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में अक्षर ने टॉम बैंटन का विकेट लिया और दो शानदार कैच भी पकड़े।
फाइनल में भी अक्षर ने निभाई अहम भूमिका
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अक्षर पटेल का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 3 ओवर में 27 रन देकर फिन एलन, ग्लेन फिलिप्स और डेरिल मिचेल जैसे बड़े बल्लेबाजों को आउट किया। अक्षर की इस शानदार गेंदबाजी ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई।

