सूर्यकुमार यादव ने तोड़ी चुप्पी, टीम से बाहर होने पर फैली अफवाहों पर दिया जवाब
punjabkesari.in Tuesday, Jul 07, 2026 - 02:31 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय टी20 टीम से बाहर किए जाने के बाद पहली बार सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने अपने नाम से वायरल हो रहे फर्जी बयानों को सिरे से खारिज करते हुए फैंस से अपील की कि बिना पुष्टि के किसी भी जानकारी पर भरोसा न करें। साथ ही उन्होंने श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम इंडिया और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को शुभकामनाएं भी दीं।
फर्जी बयानों पर सूर्यकुमार का बड़ा बयान
टी20 विश्व कप 2026 विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया कि उनके नाम से जो बयान वायरल किए जा रहे हैं, उनका उनसे कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्होंने ऐसा कोई बयान न तो दिया है और न ही अधिकृत किया है।
सूर्यकुमार ने लिखा, 'मैंने देखा है कि सोशल मीडिया पर मेरे नाम से एक बयान शेयर किया जा रहा है। मैं साफ करना चाहता हूं कि मैंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। कृपया बिना पुष्टि की गई जानकारी पर भरोसा न करें और उसे साझा भी न करें।'
वैभव सूर्यवंशी को दी खास सलाह
सूर्यकुमार यादव ने इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में डेब्यू करने वाले 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के लिए भी खास संदेश दिया। उन्होंने युवा बल्लेबाज को अपने क्रिकेट सफर का आनंद लेने और देश का नाम रोशन करने की सलाह दी। उन्होंने लिखा, 'वैभव, तुम्हारे सामने शानदार करियर की शुरुआत है। हर पल का आनंद लो और देश को गौरवान्वित करते रहो।'
श्रेयस अय्यर की टीम को दिया पूरा समर्थन
टी20 टीम से बाहर किए जाने के बावजूद सूर्यकुमार ने किसी तरह की नाराजगी नहीं दिखाई। उन्होंने श्रेयस अय्यर की अगुआई वाली भारतीय टीम को शुभकामनाएं देते हुए पूरा समर्थन जताया और टीम की सफलता की कामना की।
क्यों हुए T20I टीम से बाहर?
सूर्यकुमार यादव से न सिर्फ टी20 कप्तानी छीन ली गई, बल्कि उन्हें टीम से भी बाहर कर दिया गया। टी20 विश्व कप 2026 में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। अमेरिका के खिलाफ शुरुआती मुकाबले को छोड़ दें तो वह पूरे टूर्नामेंट में बड़ी पारियां खेलने में सफल नहीं हो सके। विश्व कप जीतने के बाद आईपीएल 2026 भी उनके लिए निराशाजनक रहा। मुंबई इंडियंस अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही। सूर्यकुमार ने 13 पारियों में 270 रन बनाए, उनका औसत 20.76 और स्ट्राइक रेट 147.54 रहा। पूरे सीजन में उनके बल्ले से सिर्फ दो अर्धशतक निकले।
2025 और 2026 के प्रदर्शन में बड़ा अंतर
साल 2026 में सूर्यकुमार ने अब तक 14 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 484 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 44 और स्ट्राइक रेट 161.33 रहा, जबकि उन्होंने चार अर्धशतक भी लगाए। इसके विपरीत 2025 उनके लिए बेहद खराब रहा था। उस साल उन्होंने 19 पारियों में सिर्फ 218 रन बनाए। उनका औसत 13.62 और स्ट्राइक रेट 123.16 रहा। पूरे साल वह एक भी टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक नहीं लगा सके।

