ब्रेट ली ने प्रीति जिंटा के साथ डेटिंग की अटकलों पर तोड़ी चुप्पी, कह दी बड़ी बात

punjabkesari.in Wednesday, Aug 05, 2026 - 11:54 AM (IST)

नई दिल्ली : दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ब्रेट ली ने आखिरकार बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रीति जिंटा के साथ अपने रिश्ते की अफवाहों पर चुप्पी तोड़ दी है। ली 2008 में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) फ्रेंचाइजी से जुड़े थे जिसकी को-ओनर जिंटा थीं। वह 2010 तक इस फ्रेंचाइजी के साथ रहे और फिर 2011 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने उन्हें खरीद लिया। इतने सालों में दोनों के बीच डेटिंग की खबरें कई बार सामने आईं, लेकिन ना ही ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज और ना ही प्रीति ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी।

अब एक इंटरव्यू में ली ने आखिरकार इन अटकलों पर बात करते हुए कहा कि वह और प्रीति सिर्फ दोस्त थे और आज भी हैं।उन्होंने बॉम्बे टाइम्स को बताया, 'आपके लिए यह रही असली बात: मैंने कभी किसी बॉलीवुड एक्ट्रेस को डेट नहीं किया। प्रीति जिंटा और मैं बहुत अच्छे दोस्त थे और आज भी हैं। उस समय वह पंजाब टीम की बॉस थीं। वह बहुत समझदार महिला हैं और मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं।' उन्होंने आगे कहा, 'ऐसी कहानियों से मुझे कभी कोई फर्क नहीं पड़ा क्योंकि मुझे हमेशा सच पता था। लोग चाहे जो भी अंदाजा लगाएं, मैंने कभी इसे खुद पर असर नहीं करने दिया।' 

जहां ली लगभग दो दशकों तक चुप रहे, वहीं जिंटा ने 2010 में इन अटकलों पर बात की थी। उन्होंने कहा था, 'मुझे लगता है कि हर साल ब्रेट के साथ डेटिंग की बात करना अब पुरानी और घिसी-पिटी खबर हो गई है! दोस्तों, यह कहते हुए अफसोस हो रहा है कि यहां कोई खबर नहीं है! हां, हम दोस्त जरूर हैं।' 

गौर हो कि ब्रेट ली ने 2006 में एलिजाबेथ केम्प से शादी की थी और उनका एक बेटा है। हालांकि शादी के कुछ समय बाद ही उनके रिश्ते में दरार आ गई और वे सिर्फ दो साल बाद अलग हो गए। 2009 में उनका तलाक हो गया। 2014 में ली ने लाना एंडरसन से शादी की, जिनसे उनके दो बच्चे हैं। वहीं प्रीति पिछले कुछ सालों से बॉलीवुड में उतनी एक्टिव नहीं रही हैं, लेकिन वह पंजाब किंग्स की सह-मालिक बनी हुई हैं। वह फिल्म 'बंटवारा 1947' से बॉलीवुड में कमबैक करने की तैयारी में है जिसमें सनी देओल भी मुख्य भूमिका में हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News