2011 वर्ल्ड कप फाइनल में हारने वाले श्रीलंका के पूर्व स्टार खिलाड़ी ने MS धोनी के बारे में बताई दिलचस्प बात
punjabkesari.in Tuesday, Aug 04, 2026 - 11:41 AM (IST)
नई दिल्ली : श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज नुवान कुलसेकरा ने बताया कि जब वे और MS धोनी IPL टीम चेन्नई सुपर किंग्स के लिए साथ खेल रहे थे, तो धोनी ने कभी भी 2011 वर्ल्ड कप फाइनल का जिक्र नहीं किया। धोनी ने कुलसेकरा की गेंद पर ही विजयी छक्का जड़ा था जिससे भारत ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर 2011 वर्ल्ड कप का खिताब जीता था। तत्कालीन भारतीय कप्तान ने 79 गेंदों में 91 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाई थी।
'रेवस्पोर्ट्ज' के साथ बातचीत में कुलसेकरा ने कहा कि भले ही वे CSK के लिए साथ खेले, लेकिन धोनी ने कभी फाइनल के बारे में बात नहीं की। उन्होंने कहा, 'वर्ल्ड कप के तुरंत बाद मैं चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ा, लेकिन धोनी ने उस फाइनल के बारे में कभी बात नहीं की। इससे पता चलता है कि वह किस तरह के इंसान हैं। वह बहुत शांत रहते हैं और हमेशा वर्तमान पर ध्यान देते हैं। उनके लिए बीता हुआ समय बीत चुका होता है। उनकी एकमात्र चिंता अगला मैच जीतना होती थी। यही बात मुझे उनके बारे में बहुत पसंद आई।'
कुलसेकरा ने कहा, 'क्रिकेट में, खासकर पावरप्ले और डेथ ओवरों के दौरान किसी भी गेंदबाज के साथ ऐसा हो सकता है। मैंने उन्हें (धोनी को) आउट करने की पूरी कोशिश की, लेकिन फिर भी उन्होंने मेरी गेंद पर छक्का जड़ दिया। अच्छी बात यह है कि हमने वापसी की और इसी तरह 2014 टी20 वर्ल्ड कप जीता। यह खूबसूरत खेल ऐसे ही चलता है।'
श्रीलंका के पूर्व स्टार खिलाड़ी ने वर्ल्ड कप फाइनल में गौतम गंभीर का कैच छोड़ने पर अफसोस भी जताया। गंभीर 30 रन पर खेल रहे थे जब कुलसेकरा ने उनका कैच छोड़ दिया और बाएं हाथ के इस ओपनर ने 122 गेंदों में 97 रन बनाए। कुलसेकरा ने कहा, 'एक समय हमें पक्का यकीन था कि हम जीत सकते हैं। मैंने गंभीर का एक अहम कैच छोड़ा था और जाहिर है कि इसका अफसोस होता है। लेकिन बड़े मैचों में ऐसे पल आते रहते हैं। बेन स्टोक्स के साथ भी 2016 टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में कुछ ऐसा ही हुआ था, और बाद में उन्होंने इंग्लैंड की 2019 वर्ल्ड कप जीत में मैच जिताऊ भूमिका निभाई। ये अनुभव खेल का हिस्सा हैं। मेरा यह भी मानना है कि उस फाइनल में ओस (dew) ने भी अहम भूमिका निभाई थी।'

