''संजू अपने लिए खुद फैसला करेगा'', टी20 वर्ल्ड कप से पहले सैमसन ने खुद से किया था वादा
punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2026 - 01:53 PM (IST)
नई दिल्ली : भारत के सीनियर विकेटकीपर-बल्लेबाज़ संजू सैमसन ने बताया है कि T20 वर्ल्ड कप से पहले ही उन्होंने तय कर लिया था कि वे बाहरी बातों पर ध्यान दिए बिना पूरी तरह से अपनी शर्तों पर क्रिकेट खेलेंगे। उन्होंने कहा कि वे इस अंधी दौड़ से बाहर निकल चुके हैं और अपनी सोच और इंस्टिंक्ट (अंतर्ज्ञान) पर भरोसा करना जारी रखेंगे।
सैमसन ने भारतीय क्रिकेट इतिहास में अपना नाम तब दर्ज कराया जब उन्होंने लगातार तीन अर्धशतक जड़कर टीम को घरेलू मैदान पर पुरुषों का टी20 वर्ल्ड कप खिताब बरकरार रखने में मदद की। लेकिन आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ मैचों के दौरान फॉर्म थोड़ी गिरावट के कारण सैमसन को हाल ही में हुए जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया।
सैमसन ने जियोस्टार पर कहा, 'मुझे एहसास हुआ कि हमारे देश में एक अंधी दौड़ चल रही है और मैंने 2026 टी20 वर्ल्ड कप से पहले ही तय कर लिया था कि मैं इसका हिस्सा नहीं बनूंगा। मैं बस खेल का आनंद लेना चाहता हूं। भगवान की कृपा से, मैंने बहुत कुछ हासिल किया है। मैं अब 31 साल का हूं और मेरे पास कुछ ही साल बचे हैं। इसलिए मैंने अपनी शर्तों पर खेलने का फैसला किया है। कोई मुझे यह नहीं बताएगा कि कैसे बैटिंग करनी है या क्या करना है। संजू अपने लिए खुद फैसला करेगा।'
उन्होंने कहा, 'पूरे सम्मान के साथ मैं खेलूंगा, खेल का आनंद लूंगा, एक अच्छा टीममेट बनूंगा और ग्रुप का समर्थन करूंगा, लेकिन मैं यह सब अपने तरीके से करूंगा। 2024 वर्ल्ड कप के बाद मुझे उम्मीद भी नहीं थी कि मैं 2026 वर्ल्ड कप में खेलूंगा। एक समय तो मैं 14 या 15 खिलाड़ियों वाली टीम में भी नहीं था। तो मैं 2028 के लिए कैसे योजना बना सकता हूं? अगर मैं टीम में रहा, अगर टीम को मेरी जरूरत हुई और अगर मैं अच्छा खेल रहा हूं, तो चीजें अपने आप हो जाएंगी। अगर नहीं, तो भी मैं बहुत आभारी हूं। कोई भी मुझसे यह उपलब्धि नहीं छीन सकता।'
नेशनल टीम कैंप के दौरान लाइफस्टाइल और फिजिकल कंडीशनिंग को लेकर पूर्व कप्तान विराट कोहली के साथ जिम में हुई बातचीत को याद करते हुए सैमसन ने बताया कि उस बातचीत का उन पर क्या असर पड़ा। उन्होंने कहा, 'हम सब जानते हैं कि विराट भाई कैसे हैं। वह हर किसी के साथ बहुत साफ और सीधे तौर पर बात करते हैं।' अगर आपको कुछ करने की जरूरत है, तो वह आपको साफ-साफ बता देंगे कि क्या जरूरी है। जिम में उनका अंदाज ही अलग है, उनमें एक अलग ही जोश है और मुझे उनकी यह बात बहुत पसंद है।
उन्होंने कहा, 'हम दोनों इंडियन टीम के कैंप के दौरान जिम में साथ वर्कआउट कर रहे थे और मैंने उनसे पूछा, 'पाजी, मुझे क्या करना चाहिए? मुझे भी कुछ बताइए!' और उन्होंने मुझे बताया कि लाइफस्टाइल बहुत अहम भूमिका निभाती है। अगर आप इंटरनेशनल क्रिकेटर बनना चाहते हैं, तो आपको एक अलग तरह की लाइफस्टाइल अपनानी होगी। सैमसन ने कहा, 'उन्होंने बताया कि उनके सफर में क्या चीजें काम आईं और मुझसे कहा, 'यह खाना तुम्हारे शरीर को रिकवर करने में मदद करेगा, यह नहीं। अगर तुम अगले 10 साल तक यह अनुशासन बनाए रखते हो, तो तुम्हारा करियर बहुत शानदार होगा।' मैंने एक-डेढ़ साल तक इसे फॉलो किया, लेकिन उसके बाद मैं इसे जारी नहीं रख पाया!'

