टी20 वर्ल्ड कप जीत के बाद ड्रेसिंग रूम में क्या बोले गौतम गंभीर? सूर्याकुमार यादव ने किया खुलासा

punjabkesari.in Thursday, Mar 12, 2026 - 11:41 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम ने T20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ भारत ने रिकॉर्ड तीसरी बार T20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम की। फाइनल मुकाबले के बाद अहमदाबाद में ड्रेसिंग रूम में जश्न का माहौल था और इसी दौरान टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने खिलाड़ियों को एक खास संदेश दिया, जिसका खुलासा टीम के कप्तान सूर्याकुमार यादव ने किया।

गौतम गंभीर का भावुक संदेश

फाइनल जीतने के बाद ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए गौतम गंभीर ने कहा कि विश्व कप ट्रॉफी से बढ़कर कुछ भी नहीं होता। गंभीर ने खिलाड़ियों से कहा कि द्विपक्षीय सीरीज में 100 मैच जीतने के बाद भी लोग उन्हें याद नहीं रखते, लेकिन वर्ल्ड कप की जीत हमेशा इतिहास में दर्ज रहती है।

उन्होंने कहा, 'हमारे ड्रेसिंग रूम में यह ट्रॉफी सबसे अहम है, इससे बड़ा कुछ नहीं। आप 100 द्विपक्षीय मैच जीत सकते हैं, लेकिन लोग उन्हें याद नहीं रखते। मगर इस ट्रॉफी को लोग हमेशा याद रखेंगे।'

सूर्याकुमार यादव ने बताई ड्रेसिंग रूम की कहानी

टीम इंडिया के कप्तान सूर्याकुमार यादव ने एक इंटरव्यू में बताया कि टूर्नामेंट के शुरुआती चार मैचों में टीम के प्रदर्शन के कारण गौतम गंभीर को मुस्कुराने का मौका नहीं मिला था। लेकिन जैसे-जैसे टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल जीतकर ट्रॉफी उठाई, गंभीर काफी खुश नजर आए।

सूर्याकुमार ने कहा, शुरुआती चार मैचों में हमने उन्हें हंसने का ज्यादा मौका नहीं दिया, लेकिन उसके बाद जब उन्होंने टीम का प्रदर्शन देखा तो वह काफी खुश थे। मुझे लगता है कि फाइनल के बाद वह सबसे ज्यादा मुस्कुराए।'

लगातार दो बार T20 वर्ल्ड कप जीतने की खुशी

सूर्याकुमार यादव ने लगातार दो बार T20 वर्ल्ड कप जीतने को टीम के लिए बेहद खास उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस जीत ने पूरी टीम का आत्मविश्वास बढ़ा दिया है और यह भारतीय क्रिकेट के लिए गर्व का पल है।

टीम की तैयारी और रणनीति

सूर्याकुमार यादव ने बताया कि टीम को पहले से पता था कि टूर्नामेंट भारत में होने वाला है, इसलिए तैयारियां उसी हिसाब से की गई थीं। उन्होंने कहा कि टीम ने परिस्थितियों को समझते हुए अपनी रणनीति बनाई और पूरे टूर्नामेंट में एक-दूसरे का साथ दिया। सूर्याकुमार के मुताबिक टीम का मुख्य मंत्र यही था कि हर खिलाड़ी टीम की जरूरत के अनुसार खेले और एक-दूसरे का ख्याल रखे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News