T20 CWC : आस्ट्रेलिया के खिलाफ ओपनिंग मुकाबला मेरी जिंदगी का सबसे अहम मैच : रोड्रिग्स
punjabkesari.in Thursday, Feb 13, 2020 - 04:22 PM (IST)
सिडनी : भारतीय शीर्ष क्रम की बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स टी-20 विश्व कप में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने को बेकरार है और उन्हें लगता है कि आस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरूआती मुकाबला उनके करियर के सबसे अहम मैचों में से एक होगा। दोनों टीमें बुधवार को त्रिकोणीय टी-20 श्रृंखला का फाइनल खेलने के बाद विश्व कप में खेलेंगी। रोड्रिग्स ने कहा- मुझे लगता है कि यह मेरे करियर के सबसे अहम मैचों में से एक होगा। भारतीय टीम के आस्ट्रेलिया में उससे भिडऩे से रोमांचक कुछ और नहीं हो सकता, इसलिए हम इस मैच को लेकर काफी उत्साहित होंगे।

भारतीय टीम में जहां स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर हैं तो वहीं आस्ट्रेलिया में एलिसे पैरी, मेग लैनिंग और एलिसा हीली जैसी खिलाड़ी हैं जो पिछले साल शानदार फार्म में थीं। आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मेगान स्कट ने भारतीय सलामी बल्लेबाज मंधाना की तारीफों के पुल बांधे जो त्रिकोणीय श्रृंखला में 43.20 के औसत से 216 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं।

स्कट ने कहा कि स्मृति मंधाना शानदार फार्म में है। उसने अंतरराष्ट्रीय मैचों और डब्ल्यूबीबीएल स्तर पर कई दफा मेरी गेंदों को सीमा के पार पहुंचाया। वह बाएं हाथ की बल्लेबाज है और मैदान में चारों ओर हिट कर सकती है। स्कट भारतीय कप्तान हरमनप्रीत से भी सतर्क रहना चाहेंगी जिन्होंने आस्ट्रेलिया के खिलाफ आईसीसी महिला विश्व कप 2017 सेमीफाइनल में 171 रन की नाबाद पारी खेली थी।
उन्होंने कहा कि उनके पास हरमनप्रीत कौर जैसी खिलाड़ी है जो विश्व कप में यहां बड़ी पारी से काफी मशहूर हो गई थीं। और मुझे लगता है कि उसके बाद उसने साबित किया है कि वह अन्य मैचों में भी ऐसा कर सकती है।

