T20 WC 2026 : न्यूजीलैंड की दमदार शुरुआत, अफगानिस्तान को 5 विकेट से रौंदा

punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 02:47 PM (IST)

चेन्नई : टिम सिफर्ट (65) और ग्लेन फिलिप्स (42) की बेहतरीन बल्लेबाज़ी की बदौलत न्यूजीलैंड ने रविवार को आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के मुकाबले में अफगानिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया। चेन्नई में खेले गए इस मैच में कीवी टीम ने 183 रन के लक्ष्य को 17.5 ओवर में हासिल कर टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की।

न्यूजीलैंड की खराब शुरुआत, फिर सिफर्ट-फिलिप्स की साझेदारी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। मुजीब उर रहमान ने दूसरे ओवर में फिन ऐलन (1) और रचिन रविंद्र (0) को आउट कर टीम को शुरुआती झटके दिए। इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और टिम सिफर्ट ने पारी संभाली और तीसरे विकेट के लिए 74 रन की अहम साझेदारी की।

10वें ओवर में राशिद खान ने फिलिप्स को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। फिलिप्स ने 25 गेंदों में सात चौके और एक छक्का लगाते हुए 42 रन बनाए। 13वें ओवर में मोहम्मद नबी ने सिफर्ट को आउट किया। सिफर्ट ने 42 गेंदों में सात चौके और तीन छक्कों की मदद से 65 रन की शानदार पारी खेली।

मिचेल और सैंटनर ने दिलाई जीत

मार्क चैपमैन (28) के आउट होने के बाद डैरिल मिचेल (25*) और कप्तान मिचेल सैंटनर (17*) ने संयम के साथ खेलते हुए न्यूजीलैंड को 17.5 ओवर में जीत दिला दी।

अफगानिस्तान की ओर से मुजीब उर रहमान ने दो विकेट लिए, जबकि अजमतुल्लाह ओमरजई, राशिद खान और मोहम्मद नबी को एक-एक सफलता मिली।

अफगानिस्तान की पारी: गुलबदीन का अर्धशतक

इससे पहले अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी चुनी। रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जदरान ने पहले विकेट के लिए 35 रन जोड़े, लेकिन लॉकी फर्ग्युसन ने छठे ओवर में दोनों को आउट कर अफगानिस्तान को झटका दिया।

इसके बाद गुलबदीन नायब और सेदिकुल्लाह अटल ने तीसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़कर पारी को संभाला। गुलबदीन ने 35 गेंदों में तीन चौके और चार छक्कों की मदद से 63 रन बनाए। अफगानिस्तान ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 182 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। न्यूजीलैंड की ओर से लॉकी फर्ग्युसन ने दो विकेट झटके, जबकि मैट हेनरी, जेकब डफी और रचिन रविंद्र को एक-एक सफलता मिली।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News