T20 World Cup Final: अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने तोड़ा 17 साल पुराना रिकॉर्ड
punjabkesari.in Sunday, Mar 08, 2026 - 07:55 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहम मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को ओपनर्स अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में रन बनाते हुए पहले विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की और टी20 वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास में 17 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस दमदार शुरुआत ने भारत को बड़े स्कोर की मजबूत नींव भी दे दी।
फाइनल में पहली बार 50 रन की ओपनिंग साझेदारी
टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में फाइनल मुकाबलों में अक्सर शुरुआत धीमी देखने को मिली है। लेकिन इस बार भारतीय ओपनर्स ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए इतिहास रच दिया। अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन ने पहले विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी कर टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में नया रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले फाइनल में ओपनिंग विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी 48 रन की थी। यह रिकॉर्ड साल 2009 के टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में बना था, जब कामरान अकमल और शाहजैब हसन ने पाकिस्तान के लिए 48 रन जोड़े थे। अब करीब 17 साल बाद भारतीय जोड़ी ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
भारत ने बनाया सेमीफाइनल और फाइनल का सबसे तेज 50
भारतीय टीम ने इस मुकाबले में तेज शुरुआत करते हुए सिर्फ चार ओवर में ही 50 रन का आंकड़ा पार कर लिया। यह टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबलों में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया सबसे तेज 50 रन बन गया है। इस आक्रामक शुरुआत ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर शुरुआत से ही दबाव बना दिया। पावरप्ले के दौरान अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन दोनों ने खुलकर शॉट खेले। पहले छह ओवर में भारतीय टीम ने 90 से ज्यादा रन जोड़ दिए, जो किसी भी फाइनल मुकाबले के लिए बेहद शानदार शुरुआत मानी जाती है।
अभिषेक शर्मा की तूफानी बल्लेबाजी
फाइनल में अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन खास तौर पर चर्चा में रहा। पूरे टूर्नामेंट में रन बनाने के लिए संघर्ष करते नजर आए अभिषेक ने निर्णायक मुकाबले में बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उनकी इस पारी में कई आकर्षक चौके और छक्के देखने को मिले, जिससे भारत की रनगति तेजी से बढ़ी। अभिषेक की आक्रामक बल्लेबाजी ने न्यूजीलैंड की रणनीति को पूरी तरह बदलने पर मजबूर कर दिया।
नॉकआउट मैच में सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड
अभिषेक शर्मा की यह पारी सिर्फ टीम के लिए ही नहीं बल्कि रिकॉर्ड के लिहाज से भी खास रही। 18 गेंदों में लगाया गया उनका अर्धशतक टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबलों में सबसे तेज फिफ्टी बन गया। इससे पहले यह रिकॉर्ड संयुक्त रूप से Finn Allen और Jacob Bethell के नाम था, जिन्होंने भी 18 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।हालांकि अभिषेक की पारी इस टूर्नामेंट की सबसे तेज फिफ्टी में भी शामिल हो गई, जिसने उन्हें सुर्खियों में ला दिया।

